
थाने में धरने पर बैठे राहुल गांधी(फोटो-ANI)
Rahul Gandhi: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल लोचब की FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग स्थित DCP कार्यालय पहुंचे। साहिल और उनकी मां के साथ पहुंचे राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से FIR दर्ज करने और पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच की मांग की। पुलिस से बातचीत के बाद राहुल गांधी DCP ऑफिस के बाहर जमीन पर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य न्याय है और वह हर हाल में न्याय लेकर रहेंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि साहिल की FIR दर्ज नहीं होने देने का एक ही मतलब है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के राज में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पैलेट गन चलाई जा सकती है, लेकिन उन्हें इंसाफ नहीं मिल सकता।
उन्होंने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता - हम डटे रहेंगे। राहुल गांधी ने आगे कहा कि संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है और न्याय के लिए लड़ाई जारी रहेगी।
पैलेट गन फायरिंग मामले में FIR दर्ज नहीं होने के आरोपों को लेकर राहुल गांधी ने डीसीपी कार्यालय में ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद और DCP सचिन शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच और FIR दर्ज करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई। राहुल गांधी का कहना था कि मामला आपराधिक प्रकृति का होने के बावजूद पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि शिकायत ले ली गई है और CJP के प्रदर्शन के दौरान दर्ज FIR की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। बातचीत से समाधान नहीं निकलने के बाद राहुल गांधी DCP कार्यालय के बाहर जमीन पर धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी के धरने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला और सुप्रिया श्रीनेत भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। ये नेता भी राहुल गांधी के साथ धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी के धरने पर बैठने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी थाने के अंदर पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहां भजन और देशभक्ति गीत गाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारी अपने साथ चरखा भी लेकर पहुंचे।
Updated on:
21 Aug 2026 04:13 pm
Published on:
21 Aug 2026 04:13 pm
