
BJP News: भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान (Rajasthan), कर्नाटक (Karnataka), महाराष्ट्र (Maharashtra) और गोवा (Goa) जैसे प्रदेश संगठनों में खाली पड़े संगठन महामंत्रियों के पदों पर जल्द नियुक्त हो सकती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से आने वाले प्रचारकों को पार्टी में इस पद पर नियुक्त किया जाता है। केरल के पलक्कड़ में 31 अगस्त से दो सितंबर तक होने वाली RSS की समन्वय बैठक में इस मुद्दे पर निर्णय हो सकता है।
दरअसल, पिछले काफी समय से संघ से भाजपा को प्रचारक नहीं मिले हैं। इससे कुछ राज्यों में संगठन मंत्रियों की कमी हो गई है। भाजपा में संगठन महामंत्री या संगठन मंत्री का दायित्व संघ से आने वाले प्रचारकों को ही मिलता है। संगठन मंत्री का कार्य भाजपा और संघ के बीच समन्वय बनाकर मूल काडर के हितों की चिंता करना होता है।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को आंध्र प्रदेश भेज दिया गया था। इसी तरह कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में भी संगठन महामंत्रियों के पद खाली चल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि केरल में होने वाली समन्वय बैठक में संघ की तरफ से भाजपा को संगठन मंत्री भेजने पर सहमति बन सकती है। एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, चूंकि भाजपा का संगठन पर्व भी अगस्त में शुरू होना है, ऐसे में पार्टी जल्द ही संगठन मंत्रियों की नियुक्ति कर सकती है।
Updated on:
4 Aug 2024, 7:47 AM IST
Published on:
4 Aug 2024, 7:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.