
रमज़ान में मुस्लिम देशों में सार्वजनिक रूप से खाने पीने, गाने या संगीत से बचें। (फोटो: AI)
Ramadan 2026 : पूरी दुनिया में रमज़ान (Ramadan 2026) का पाक महीना शुरू हो चुका है। यह वह समय है जब मुस्लिम समुदाय के लोग रोज़ा रखते हैं और इबादत में वक़्त गुज़ारते हैं। अगर आप भी फ़रवरी-मार्च के इस महीने में दुबई (Dubai Laws for Tourists), क़तर, सऊदी अरब, मलेशिया या तुर्किये जैसे किसी मुस्लिम देश में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको अपना बैग पैक करने से पहले कुछ ज़रूरी बातें जान लेनी चाहिए। इन देशों में रमज़ान के दौरान नियम और क़ानून (Rules and Regulations) थोड़े सख़्त हो जाते हैं (Ramadan Travel Guidelines)। आपकी एक छोटी सी लापरवाही न सिर्फ़ आपकी छुट्टियों का मज़ा किरकिरा कर सकती है, बल्कि कुछ मामलों में आपसे भारी जुर्माना भी भरवा सकती है।
सबसे पहला और सबसे अहम नियम-सार्वजनिक रूप से खाने-पीने से बचें। रमज़ान के दौरान सूर्योदय से सूर्यास्त तक मुस्लिम देशों में सार्वजनिक स्थानों पर खाना, पीना (यहां तक कि पानी भी) और च्युइंग गम चबाना असभ्यता माना जाता है। यूएई (UAE) और क़तर जैसे देशों में तो इसके लिए बाक़ायदा क़ानून हैं। अगर आपको भूख लगी है, तो अपने होटल के कमरे में या उन रेस्टोरेंट्स में खाएं जो पर्दों के पीछे खाना सर्व कर रहे हों। सड़क पर चलते हुए पानी की बोतल मुंह से लगाना आपको मुसीबत में डाल सकता है।
छुट्टियों में हम अक्सर शॉर्ट्स या स्लीवलेस कपड़े पहनना पसंद करते हैं, लेकिन रमज़ान के दौरान 'ड्रेस कोड' (Dress Code) का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। भले ही आप पर्यटक हैं, लेकिन स्थानीय संस्कृति का सम्मान करते हुए ऐसे कपड़े पहनें जो आपके कंधों और घुटनों को ढकते हों। टाइट फ़िटिंग या पारदर्शी कपड़े पहनने से बचें। यह नियम पुरुषों और महिलाओं दोनों पर लागू होता है। ख़ासकर मस्जिदों के आसपास या बाज़ारों में शालीनता बनाए रखना बेहद ज़रूरी है।
अगर आपकी छुट्टियों का मतलब लेट नाइट पार्टी और ड्रिंक्स है, तो रमज़ान का वक़्त इसके लिए सही नहीं है। इस महीने में ज़्यादातर बार और क्लब दिन में बंद रहते हैं या शराब परोसने पर पाबंदी होती है। कुछ होटल्स में पर्यटकों के लिए छूट हो सकती है, लेकिन वह भी सीमित दायरे में छूट होगी। इसके अलावा, सार्वजनिक जगहों पर तेज़ आवाज़ में संगीत बजाना या शोर-शराबा करना भी अच्छा नहीं माना जाता।
रमज़ान में 'दिन' थोड़ा धीमा और 'रात' गुलज़ार होती है। दिन के समय आपको बाज़ार और दुकानें बंद मिल सकती हैं, लेकिन रोज़ा खोलने के लिए इफ़्तार (सूर्यास्त के बाद का भोजन) के बाद शहर की रौनक़ देखने लायक़ होती है। मॉल और रेस्टोरेंट देर रात तक खुले रहते हैं। इसलिए अपनी शॉपिंग और डिनर का प्लान शाम के बाद ही बनाएं। ध्यान रखें कि सूर्यास्त के समय ट्रैफ़िक बहुत ज़्यादा हो सकता है क्योंकि हर कोई इफ़्तार के लिए घर या रेस्टोरेंट भाग रहा होता है।
पश्चिमी देशों की तुलना में खाड़ी देशों में सार्वजनिक रूप से प्यार का इज़हार (Public Display of Affection - PDA) वैसे भी वर्जित है, लेकिन रमज़ान में इसे लेकर संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। पार्टनर का हाथ पकड़ना शायद चल जाए, लेकिन सार्वजनिक रूप से गले मिलना या किस करना सख़्त मना है। इसके अलावा, किसी से बहस करना, अभद्र भाषा का प्रयोग करना या आक्रामक इशारे करना भी भारी पड़ सकता है।
पर्यटन विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अगर आप अभी यात्रा कर रहे हैं, तो 'इफ़्तार बुफ़े' (Iftar Buffet) के लिए पहले से टेबल बुक कर लें। अच्छे रेस्टोरेंट्स में शाम को जगह मिलना मुश्किल होता है। साथ ही, ईद (Eid-ul-Fitr) के आसपास फ़्लाइट्स और होटल्स के दाम आसमान छूने लगते हैं, इसलिए अपनी वापसी की बुकिंग कन्फ़र्म रखें।
रमज़ान का एक ख़ूबसूरत पहलू 'नाइट मार्केट्स' हैं। सऊदी अरब से लेकर इस्तांबुल तक, रात में विशेष बाज़ार लगते हैं जहां इत्र, खजूर, पारंपरिक कपड़े और मिठाइयां मिलती हैं। अगर आप फ़ोटोग्राफ़ी के शौक़ीन हैं, तो यह समय आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है, बस किसी की तस्वीर लेने से पहले उससे इजाज़त ज़रूर लें।
Published on:
18 Feb 2026 06:16 pm
