
रोहित पवार को लेकर अटकलें तेज (Photo-IANS)
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, अटकलें लगाई जा रही है कि रोहित पवार कांग्रेस में शामिल हो सकते है। हालांकि अब उन्होंने खुद इस पर जवाब दिया है। एनसीपी (एसपी) विधायक ने कांग्रेस में जाने की संभावना को सीधे तौर पर स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और कांग्रेस कानूनी रूप से अलग जरूर हैं, लेकिन दोनों की विचारधारा एक जैसी है और वे साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
बता दें कि बीजेपी के विधान परिषद सदस्य परिणय फुके ने हाल ही में रोहित पवार के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को हवा दी थी। उन्होंने दावा किया था कि विधायक रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं। फुके ने यह भी कहा था कि रोहित पवार ने भंडारा-गोंदिया का दौरा किया और महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले को खुश करने की कोशिश की।
बता दें कि रोहित पवार विपक्षी नेता के तौर पर पिछले कुछ समय से सक्रिय नजर आए हैं। उन्होंने कई ऐसे मुद्दे उठाए हैं, जिनका असर राज्य की राजनीति में देखने को मिला है। इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उनकी सार्वजनिक तारीफ ने भी उनके कांग्रेस में जाने की अटकलों को बल दिया।
एनडीटीवी से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के सवाल का जवाब दिया। पवार ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में जिस विचारधारा के साथ वह खड़े हैं, वह कांग्रेस की विचारधारा है। उन्होंने राहुल गांधी की कार्यशैली और मुद्दों को लेकर उनके आक्रामक रुख की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और अपनी विचारधारा पर मजबूती से कायम हैं। वह आक्रामक तरीके से उस विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं, जो मुझे पसंद है। वह जनता के मुद्दे उठा रहे हैं। जिस तरह मैं पवार साहेब के काम और उनकी विचारधारा से प्रभावित हूं, उसी तरह राहुल गांधी के काम से भी प्रभावित हूं।
रोहित पवार ने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) कानूनी तौर पर भले ही अलग-अलग राजनीतिक दल हैं, लेकिन विचारधारा के स्तर पर दोनों एक साथ हैं।
उन्होंने कहा कि हम साथ हैं। हम इंडिया गठबंधन में हैं और उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसलिए मेरे कांग्रेस में जाने का कोई कारण नहीं है। हम साथ काम करना चाहते हैं और भविष्य में और आक्रामक तरीके से साथ काम कर सकते हैं।
इस दौरान उन्होंने बीजेपी के साथ एनसीपी (एसपी) के साथ जाने की अटकलों पर भी जवाब दिया। रोहित पवार ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि शरद पवार अपनी विचारधारा नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 100 फीसदी बीजेपी के साथ नहीं जाएगी।
Updated on:
17 Sept 2026 03:14 pm
Published on:
17 Sept 2026 03:14 pm
