7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rohtas Double Murder: लिव-इन में रह रहे कपल की घर में घुसकर हत्या, FSL जांच में जुटी, SIT गठित

Rohtas Double Murder Case: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में एक महिला और पुरुष की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा मोहल्ले में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने FSL टीम से घटनास्थल की जांच कराई और SDPO सासाराम-2 के नेतृत्व में SIT गठित की है।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Sep 07, 2026

Rohtas Double Murder

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस (फोटो- FB/khabar rohtas)

Rohtas Double Murder: बिहार के रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में दो लोगों की हत्या से हड़कंप मच गया है। हथियारबंद हमलावरों ने 'लिव-इन' में रह रहे एक कपल की गोली मारकर हत्या कर दी, जब वे अपने घर की छत पर सो रहे थे। यह कपल कई सालों से साथ रह रहा था और घटना के समय मृतका के बच्चे भी घर पर ही मौजूद थे। घटना की सूचना मिलने पर रोहतास के एसपी श्री राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।

रात के अंधेरे में घर में घुसे अपराधी

मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार और ननकी देवी के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, मणि भूषण कुमार अविवाहित थे और लंबे समय से ननकी देवी के साथ रह रहे थे। रविवार देर रात, जब घर के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। हमलावरों ने दोनों पर बहुत करीब से अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

जब गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी और वे खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस को शक है कि इन हत्याओं के पीछे पुरानी दुश्मनी या संपत्ति को लेकर कोई विवाद हो सकता है। घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

कमरे को बाहर से किया लॉक, छत पर जाकर बरसाईं गोलियां

मृतक महिला के बेटे अभिषेक कुमार ने बताया कि हमलावरों ने हमला करने से पहले उसे उसके कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। अभिषेक ने बताया कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण वो वहीं फंस गया। करीब 15-20 मिनट बाद, जब शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे, तो ताला तोड़ कर उसे बाहर निकाला।

बाद में जब सब लोग छत पर पहुंचे तो देखा कि दोनों साथ में मरे हुए पड़े थे। अभिषेक ने बताया कि उसने एक हमलावर को भागते हुए देखा था, लेकिन हमलावर ने उसकी आंखों पर टॉर्च की रोशनी डाली, जिससे वह हमलावर का चेहरा ठीक से नहीं देख पाया।

जांच के लिए SIT गठित

घटना की पुष्टि करते हुए रोहतास के SP श्री राज ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा इलाके में एक पुरुष और एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, SDPO (सासाराम-2) के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है। एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और तकनीकी व वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए हैं। जांच चल रही है और हत्यारों की जल्द ही पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।