31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime File: जब गुलशन कुमार के कत्ल के बाद शाहरुख खान से हुई थी पूछताछ

जब पुलिस ने प्रैस कॉन्फ्रेंस कर बताया था अंडरवर्ल्ड से बॉलीवुड का रिश्ता। की थी मर्डर की सुपारी देने की बात। सन्न रह गया था देश।

4 min read
Google source verification
shahrukh khan gulshan kumar murder case

फोटो में गुलशन कुमार और बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (सोर्स: पत्रिका.कॉम)

1990 का दशक ढलान पर था। मुंबई में अंडरवर्ल्ड का खौफ बढ़ता जा रहा था। गैंगस्टर्स एक के बाद एक रईस लोगों को सरे आम मार रहे थे। जो भी उन्हें हफ्ता देने से मना करता, वे उसे जिंदा नहीं छोड़ते थे। 12 अगस्त, 1997 को जब उन्होंने कैसेट किंग गुलशन कुमार को मार दिया तो पुलिस और नेता दोनों भारी दबाव में आ गए।

अंडरवर्ल्ड का बॉलीवुड कनेक्शन

गुलशन कुमार की हत्या के दो हफ्ते बाद भी पुलिस के हाथ खाली थे। कमिश्नर को हटा दिया गया। नया कमिश्नर लाया गया। इसी बीच पुलिस ने एक एनकाउंटर किया। एनकाउंटर करने वाले की ओर से फैलाया गया कि मरने वाला गुलशन कुमार का शूटर जावेद फावड़ा था। लेकिन, एक लड़की सामने आई और बोली कि जावेद उसका भाई था, जिसे पुलिस उठा ले गई थी। उसका नाम तो जावेद था, लेकिन अपराध से कोई वास्ता नहीं था। वह मूंगफली बेच कर पेट पालता था।

यह खबर बाहर आते ही पुलिस की भारी किरकिरी हो गई। रणजीत सिंह शर्मा उस समय मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर थे। वह पहले ही हर तरफ से घिरे हुए थे। मीडिया के सवालों और नेताओं के दबाव में फंसे थे। नए विवाद ने मुसीबत और बढ़ा दी। तब शर्मा ने कुछ आक्रामक करने का फैसला किया। फावड़ा एनकाउंटर के तीन दिन बाद उन्होंने एक दांव खेला। अंडरवर्ल्ड से जुड़े फिल्मी दुनिया के नाम सामने लाने का दांव।

गुलशन कुमार हत्याकांड की अब तक की जांच में कुछ अहम बातें सामने आई थीं। अबू सलेम ने दुबई में मशहूर म्यूज़िक कंपोज़र जोड़ी नदीम-श्रवण के लिए एक बड़ा शो करवाया था। इसमें शाहरुख खान, सलमान खान, जैकी श्रॉफ और आदित्य पंचोली जैसे बड़े सितारे शामिल हुए थे। वहां सलेम के साथ गुलशन कुमार के कारोबारी दुश्मन भी दिखे थे। शक था कि गुलशन को मारने की साजिश इसी पार्टी में बनी थी।

इतने बड़े फिल्मी नामों का सलेम से कथित कनेक्शन! पुलिस के लिए बड़ी मुसीबत थी कि इस दिशा में जांच को आगे कैसे बढ़ाया जाए। क्या उन्हें गिरफ्तार करें? या गवाह बनाकर केस मज़बूत करें? और सबसे बड़ी बात, इनमें से कोई किसी बड़े नेता का करीबी निकला तो? ऐसे सवालों में उलझे शर्मा ने मौके की नजाकत को भांपते हुए तय किया कि अगला कदम उठाने से पहले दिल्ली और मुंबई के राजनीतिक आकाओं से हां करा ली जाए। इसके बाद उन्होंने एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। हर पत्रकार को बुलाया गया, छोटे-बड़े सब अखबारों के। पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन करने वाले हर शख्स को ऑर्डरलीज के ज़रिए संदेश पहुंचाया गया कि नए पुलिस कमिश्नर रोनाल्ड मेंडोंका बड़ा ऐलान करने वाले हैं।

कमिश्नर का कमरा इस कदर भर गया था कि हिलने की जगह नहीं थी। शर्मा मुस्कुरा रहे थे। लग रहा था वह रात भर चैन की नींद सोए हैं। उन्होंने हाथ उठाया और पूरा कमरा शांत हो गया। सिर्फ एसी की आवाज़ गूंज रही थी।

शर्मा ने बोलना शुरू किया, 'गुलशन कुमार हत्याकांड की जांच के दौरान कुछ चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। मशहूर म्यूज़िक डायरेक्टर नदीम सैफी ने गुलशन की हत्या की सुपारी दी थी। यह साजिश जून में एम्पायर होटल में बनी थी। यह होटल ड्रग माफिया विकी गोस्वामी का है। उस वक्त वहां एक शानदार पार्टी चल रही थी और उसमें बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं।'

शर्मा जब चुप हुए तो कमरे में पूरे तीस सेकंड कोई आवाज नहीं आई। कुछ पत्रकार नोट्स लिख रहे थे, बाकी बस मुंह खोले शर्मा को देख रहे थे।

नदीम-श्रवण के नदीम सैफी ने अपने साथी गुलशन कुमार को मरवाया? किसी के कानों को यकीन नहीं हो रहा था। फिर एकदम से सवालों की बाढ़ आ गई। शर्मा ने एक-एक सवाल का जवाब दिया।

जब पूछा गया कि नदीम को गिरफ्तार क्यों नहीं किया तो बताया कि वो विदेश में हैं, पत्नी का गर्भपात हुआ है। लेकिन संपर्क में हैं और अगले हफ्ते लौटने का वादा किया है।

साजिश में शामिल बॉलीवुड के सितारे!

साजिश में शामिल बॉलीवुड सितारों के बारे में पूछा गया तो साफ कहा, सबको जल्द ही तलब किया जाएगा। यह खबर दुनिया भर में छा गई। संसद से लेकर अदालतों तक चर्चा थी। मुंबई पुलिस हेडक्वार्टर में जो नज़ारा अगले कुछ दिनों में देखने को मिला वो किसी फिल्म से कम नहीं था।

सबसे पहले शाहरुख खान को बुलाया गया। वह काली जैकेट और जींस में आए थे। काफी घबराए हुए थे। घबराहट छुपाए नहीं छुप रही थी। उन्हें एसीपी एल.आर. राव के छोटे से केबिन में बैठाया गया। राव के लिए यह ज़िंदगी का खास लम्हा था, किंग खान उनके सामने बैठे थे और वह उनसे सवाल कर रहे थे।

राव ने तमीज से पेश आते हुए एक घंटे से ज़्यादा पूछताछ की। शाहरुख ने अपने दो पन्ने के बयान में माना कि वो दुबई के बॉलीवुड शो में गए थे लेकिन आयोजकों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। जब उन्हें पता चला कि इसके पीछे सलेम और अनीस इब्राहिम है तो उन्होंने बहाना बनाया कि पांव में चोट लगी है और नदीम-श्रवण की पार्टी में नहीं जा सके।

बयान दर्ज होने के बाद शाहरुख को जाने की इजाजत दी गई। बाहर निकलते ही मीडिया ने उन पर सवालों की बौछार कर दी। वह लगातार सिगरेट पी रहे थे, माथे पर पसीना था। वह किसी तरह गाड़ी में बैठे और निकल गए। सलमान खान, जैकी श्रॉफ और आदित्य पंचोली भी बुलाए गए।

सलमान खान को भीड़-भाड़ की खबर पहले ही मिल गई थी। उन्होंने पुलिस से गुज़ारिश की कि किसी छोटे दफ्तर में बुलाया जाए जहां मीडिया न हो। उन्हें बांद्रा यूनिट ऑफिस में बुलाया गया। कुछ घंटे पूछतछ हुई, बयान लिया गया और जाने दिया गया। इससे आगे कुछ नहीं बढ़ा। लेकिन, शर्मा ने फिलहाल तूफान शांत कर दिया था।

यह कहानी एस हुसैन जैदी की किताब 'डोंगरी टु दुबई: सिक्स डिकेड्स ऑफ द मर्डर माफिया' में दर्ज है। ऐसी एक और कहानी नीचे पढ़ सकते हैं:

जब बीच सड़क एयरलाइन कंपनी मालिक के शरीर में उतार दी गई थीं 30 गोलियां:

यह कहानी है ट्रैवल एजेंट से एयरलाइन कंपनी के मालिक बनने वाले थकियुद्दीन अब्दुल वाहिद की, जिन्हें बीच सड़क पर गोलियों से भून दिया गया था। उन दिनों मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन का एक ही वसूल था- हफ्ता दो, वरना दुनिया से जाओ। गुलशन कुमार की हत्या भी हफ्ता देने से इनकार का ही नतीजा था। (पूरी कहानी पढ़ने के लिए क्लिक करें)