
हिजबुल आतंकी की करोड़ों की संपत्ति जब्त
Hizbul Mujahideen Terror Network: घाटी में दहशतगर्दों के खिलाफ आर-पार की जंग छेड़ते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंक के नेटवर्क पर बड़ा एक्शन लिया। पाकिस्तान में बैठकर हिजबुल मुजाहिदीन के लिए साजिश रचने वाले आतंकी 'हैदर' की सोपोर में करोड़ों की संपत्ति जब्त किया। राजस्व विभाग के साथ मिलकर हुई इस कार्रवाई में 16 मरला जमीन जब्त की गई। कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित हैदर PoK से आतंक का हैंडलर बनकर युवाओं को गुमराह कर रहा था। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि टेरर इकोसिस्टम को जड़ से मिटा दिया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सुरक्षाबलों ने आतंक के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दरअसल, काफी समय से पुलिस की रडार पर चल रहे भगोड़े आतंकी गुलाम मोहम्मद भट उर्फ 'हैदर' की जमीन और संपत्ति जब्त कर ली गई है। यह आतंकी पाकिस्तान में बैठकर हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहा था।
शुक्रवार को सोपोर पुलिस और राजस्व विभाग (Revenue Department) की टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को पूरा किया। पुलिस ने डेंगट रोहामा में 6 मरला और रेशिनार रोहामा में 10 मरला जमीन को अटैच कर दिया है। इन संपत्तियों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। हैदर ने बरसों पहले अवैध रूप से सीमा पार कर PoK का रुख किया था, जहाँ उसने हथियारों की ट्रेनिंग ली और अब वहीं से कश्मीर में आतंक फैलाने का हैंडलर बन चुका है।
सोपोर पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कर दिया है कि आतंक के इकोसिस्टम को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा। पुलिस स्टेटमेंट में स्पष्ट कहा कि 'सोपोर पुलिस आतंकवाद, टेरर फंडिंग, पनाह देने या किसी भी तरह से आतंकी संगठनों का समर्थन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी और सख्त कार्रवाई जारी रखने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराती है।'
आरोपी गुलाम मोहम्मद भट लंबे समय से कानूनी कार्यवाही से बच रहा था। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद वह पेश नहीं हुआ, जिसके बाद कोर्ट ने उसे CrPC की धारा 88 के तहत उद्घोषित अपराधी (फरार आरोपी) घोषित कर दिया था। इसके बाद पांजला पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी जमीन को सील कर दिया गया।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हैदर कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं बल्कि हिजबुल मुजाहिदीन का एक महत्वपूर्ण मोहरा है। उसने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जाकर हथियारों और गोला-बारूद चलाने की ट्रेनिंग ली थी। वह अब पाकिस्तान से बैठकर अपने संपर्कों के जरिए घाटी के युवाओं को गुमराह करने और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिशों में जुटा था। स्थानीय लोगों और गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई। घाटी में इस कार्रवाई से उन लोगों में खौफ है जो विदेश में बैठकर भारत की अखंडता को चुनौती देने का सपना देख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले दिनों में ऐसे कई और 'हैंडलर्स' की लिस्ट तैयार है।
Updated on:
15 May 2026 09:19 pm
Published on:
15 May 2026 09:19 pm
