
तेजस्वी यादव (फाइल फोटो - आईएएनएस)
Tejashwi Yadav on Bihar Government: बिहार में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार अब पेपर लीक की राजधानी बन गया है। तेजस्वी ने इन मुद्दों को लेकर 19 अगस्त को राजभवन तक मार्च निकालने का ऐलान किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में शायद ही कोई परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया ऐसी होती है, जिस पर पेपर लीक के आरोप न लगते हों। उन्होंने कहा कि चाहे 12वीं की परीक्षा हो या सरकारी नौकरी की भर्ती, बार-बार सवाल उठते हैं। तेजस्वी के मुताबिक, ऐसी स्थिति में राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चयन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है और लगातार सामने आ रहे विवाद छात्रों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि 19 अगस्त को खुला मार्च निकाला जाएगा। इसमें छात्र, छात्राएं, शिक्षक और कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी छात्र या युवा किसी परीक्षा, भर्ती या संस्थान से जुड़ी समस्या से परेशान है वह इस मार्च में शामिल हो सकता है। मार्च के जरिए राज्यपाल को अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।
तेजस्वी ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन अब तक एक लाख नौकरियां भी नहीं दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर उन युवाओं पर पड़ता है जो सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं और सालों तक परीक्षा का इंतजार करते हैं।
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब किसान आंदोलन करते हैं तो उन्हें खालिस्तानी कहा जाता है और अब छात्रों और युवाओं को दिमागी नक्सली बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना गलत नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग सच बोलते हैं या अपने अधिकार मांगते हैं, उन्हें आतंकवादी, नक्सली या खालिस्तानी बताना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई प्रधानमंत्री देखे हैं लेकिन युवाओं और किसानों के सवाल उठाने पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल पहले नहीं देखा।
तेजस्वी यादव ने बिहार की शराबबंदी नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में शराब की होम डिलीवरी तक हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही शराबबंदी का दावा करती हो लेकिन जमीन पर स्थिति अलग है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों की मिलीभगत से शराब का बड़ा नेटवर्क चल रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि 19 अगस्त का मार्च सिर्फ किसी एक परीक्षा या भर्ती से जुड़ा नहीं है। इसमें उन सभी छात्रों और युवाओं को शामिल होने की अपील की गई है जो शिक्षा, परीक्षा, भर्ती और रोजगार से जुड़ी समस्याओं से परेशान हैं।
RJD नेता ने कहा कि सरकार को छात्रों की शिकायतों पर जवाब देना होगा और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
Updated on:
16 Aug 2026 04:37 pm
Published on:
16 Aug 2026 04:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
