
delhi police
देश की राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले के अलर्ट के बाद पुलिस ने सतर्कता को बढ़ा दिया है। राजधानी में संभावित आतंकी हमलों के इनपुट मिलने के बाद नई दिल्ली में एक हाई सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश पुलिस को राजधानी में आतंकी हमले की साजिश का पता चला था। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी के मुताबिक आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान (इंडियन सेल) की तरफ से धमकी वाले ईमेल मिले थे। हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी होने के बाद पुलिस ने देर रात को गश्त किया। वहीं, इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को नई दिल्ली के सरोजनी नगर मार्केट में अचानक तलाशी अभियान चलाया।
आतंकी संगठन से मिले धमकी भरे ईमेल
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी के अनुसार यूपी पुलिस को आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान की ओर से एक धमकी वाले ई मेल मिले। इनको यूपी पुलिस ने दिल्ली पुलिस को फॉरवर्ड किया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली के सरोजनी नगर मार्केट में गश्त को बढ़ा दिया है। बता दें कि सरोजिनी नगर में काफी भीड़ होती है और यहां पहले भी बम ब्लास्ट की घटना हो चुकी है।
सरोजिनी नगर बाजार बंद रहा
दिल्ली के ऊपर खतरे के बीच सरोजिनी नगर बाजार बंद रहा। इस बारे में बात करते हुए सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक ने कहा कि कुछ सुरक्षा खतरों के कारण दिल्ली पुलिस को बाजारों को बंद करने और कड़ी निगरानी रखने के आदेश मिले हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने बाजार बंद करने के किसी भी आदेश को जारी किए जाने से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें - बड़ी कामयाबी: भगोड़े विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी से सरकार ने वसूले 19 हजार करोड़ रुपये
दिल्ली पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी के अनुसार, एक अज्ञात ईमेल, कथित तौर पर एक आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान (इंडिया सेल) द्वारा प्राप्त किया गया था। दिल्ली पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। वहीं, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि, हम बाजार को बंद नहीं करने के लिए बल्कि प्रिवेंटिव सर्च करने के लिए वहां गए थे।
9 राज्यों में आतंकी हमलों की जताई आशंका
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, भोपाल में गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि देश के 9 राज्यों में आतंकी हमलों की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, यह वो राज्य हो सकते हैं, जहां बांग्लादेश का प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) अपनी जड़ें मजबूत कर रहा है।
Published on:
23 Mar 2022 09:32 am
