
TMC Crisis: कल्याण बनर्जी के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत(फोटो-ANI)
Kalyan Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति में टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच जारी सियासी जंग अब पुलिस थाने तक पहुंच गई है। बीजेपी की ओर से तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और जाने-माने वकील कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की थीं।
यह शिकायत बंगाल के श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन में बीजेपी नेता भास्कर घोष की ओर से दर्ज कराई गई। शिकायत में कहा गया है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से लेकर 4 मई को चुनाव परिणाम आने तक कल्याण बनर्जी ने कई सार्वजनिक मंचों पर अमित शाह के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जो न सिर्फ राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ हैं बल्कि कानूनन भी आपत्तिजनक माने जा सकते हैं। बीजेपी का दावा है कि टीएमसी सांसद ने गृह मंत्री पर बिना किसी ठोस आधार के गंभीर आरोप लगाए और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में राजनीतिक आलोचना की जगह है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकती।
स्थानीय बीजेपी नेताओं ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कल्याण बनर्जी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी उठाई है। शिकायतकर्ता भास्कर घोष का कहना है कि गृह मंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियां दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं और पुलिस को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयान दिए थे। पार्टी में बगावत के बीच कल्याण बनर्जी लगातर पार्टी की तरफ से मोर्चा संभाले हुए हैं।
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की भी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभिषेक पहले से ही एक एफआईआर को लेकर जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। उन पर आरोप है कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए थे। इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अभिषेक बनर्जी को अगले सप्ताह पूछताछ के लिए एजेंसी के सामने पेश होना है। इसी के साथ ही शनिवार को भी उनपर दो अलग-अलग जिलों में दो शिकायत दर्ज की गई है।
Updated on:
13 Jun 2026 10:10 pm
Published on:
13 Jun 2026 09:48 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
