13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

TMC Crisis: टकराव के बाद ममता बनर्जी से मिले कल्याण और अभिषेक बनर्जी, पार्टी के सामने आई नई मुसीबत

Mamata Banerjee: टीएमसी में जारी बगावत के बीच अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी ने ममता बनर्जी से मुलाकात कर संकट पर चर्चा की। वहीं अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दो नई शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिससे पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।

2 min read
Google source verification
TMC Crisis

TMC Crisis: ममता बनर्जी से मिले कल्याण और अभिषेक बनर्जी(फोटो-IANS)

TMC: टीएमसी में बगावत के बाद परिस्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी और सांसद कल्याण बनर्जी ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ममता बनर्जी से पार्टी पर आए संकट के बारे में बातचीत की। आपको बता दें कि कल्याण और अभिषेक बनर्जी के बीच विवाद पैदा हो गया था। कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया था कि अभिषेक ने उनके साथ बदतमीजी की। वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है। अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दो नए मामले पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। पहली शिकायत दार्जिलिंग और दूसरी शिकायत दक्षिण 24 परगना जिले में दर्ज की गई है।

अभिषेक और कल्याण के बीच क्या था विवाद?


तृणमूल कांग्रेस में अभिषेक बनर्जी और वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी के बीच विवाद तब सामने आया जब कल्याण बनर्जी ने अभिषेक की कार्यशैली को 'अहंकारी' बताते हुए खुली नाराजगी जताई। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को उनके और अभिषेक में से किसी एक को चुनना होगा। विवाद की वजह अभिषेक से जुड़े एक कानूनी मामले में वकील बदला जाना है। हालांकि बाद में अभिषेक ने कल्याण को अपना वरिष्ठ बताते हुए उनके प्रति सम्मान जताया। साथ ही कल्याण बनर्जी ने भी अभिषेक बनर्जी को अपने बेटे जैसा बताया।

अभिषेक बनर्जी पर दर्ज हुई 2 नई शिकायत


तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार को उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल के दो अलग-अलग जिलों में शिकायतें दर्ज की गईं। सिलीगुड़ी साइबर थाने में एक कारोबारी ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके कुछ भाषण चुनाव बाद हिंसा को बढ़ावा देने वाले थे। वहीं, दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर थाने में भाजपा नेता अविजीत दास ने अम्फान राहत वितरण में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है। इस बीच अभिषेक को 14 से 16 जून तक विभिन्न मामलों में जांच एजेंसियों के समक्ष पेश होना होगा।

एक और नेता हुए बागी?


तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच अब वरिष्ठ सांसद सुदीप बंदोपाध्याय का नाम भी चर्चा में आ गया है। शनिवार को पार्टी से असंतुष्ट माने जा रहे गुट की प्रमुख चेहरों में शामिल अभिनेत्री और सांसद शताब्दी रॉय दिल्ली पहुंचीं। उनके साथ सुदीप बंदोपाध्याय भी थे। शताब्दी रॉय उन्हें केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर लेकर गईं। वहीं बागी खेमे का दावा है कि उसके साथ 20 सांसद हैं और इनमें से कई नेता भाजपा का दामन थाम सकते हैं।