
विधानसभा में सीएम विजय (बाएं) और नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन (Photo-IANS)
Vijay-Udhayanidhi Stalin Tamil Nadu Assembly: तमिलनाडु की विधानसभा में बुधवार को सियासी गर्मी उस समय बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री विजय और नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन आमने-सामने आए। दोनों नेताओं का आमना-सामना ऐसे समय हुआ, जब एक दिन पहले ही डीएमके नेता को अभिनेत्री त्रिशा पर कथित टिप्पणी के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में मद्रास हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें रिहा कर दिया गया।
बता दें कि सदन में सीएम विजय ने उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय और सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट से पहले राज्य के कई अहम मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए उनकी गिरफ्तारी का ड्रामा किया गया। उन्होंने कहा कि कल गिरफ्तारी का ड्रामा कई महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किया गया था।
बजट में NEET का मुद्दा भी प्रमुख रहा। वित्त मंत्री ने कहा कि टीवीके सरकार NEET का विरोध करती है और केंद्र सरकार से मेडिकल दाखिले के लिए इस परीक्षा को खत्म कर 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
हालांकि, NEET के मुद्दे पर उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ विजय सरकार ने ही मामले दर्ज किए हैं।
बता दें कि मंगलवार को डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को उनके आवास से पुलिस ने हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई टीवीके की शिकायत के बाद की गई थी। स्टालिन पर प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री त्रिशा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।
हालांकि, उसी दिन मद्रास हाई कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस को पूछताछ पूरी करने के बाद उदयनिधि को रिहा करने का निर्देश दिया।
रिहाई के बाद उदयनिधि ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनके भाषण को काट-छांटकर इस तरह पेश किया गया, जिससे ऐसा लगे कि उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा कि मेरे भाषण को काटा, कॉपी किया और पेस्ट कर यह दावा किया कि मैंने गलत बात कही। कुछ लोगों ने मुझ पर दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। लेकिन मैंने सिर्फ एक ही बात कही थी- किसानों को पानी चाहिए। महिलाओं का अपमान करने का मेरा बिल्कुल कोई इरादा नहीं था। तमिलनाडु की हर मां और बहन को मैं अपने परिवार की तरह मानता हूं।
Updated on:
05 Aug 2026 03:38 pm
Published on:
05 Aug 2026 03:38 pm
