
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी रैली के दौरान। (Photo - ANI)
Mamata Banerjee on Nirmala Sitharaman: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे राज्य में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। कोई भी पार्टी जनता को अपने पाले में लाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। ऐसे में आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 'मातृ शक्ति भरोसा' कार्ड बांटे जाने पर सवाल उठाए।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह के कार्ड बांटना मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ऐसे कार्ड बांट रही हैं, जिन पर नाम भी नहीं लिखा है। इन्हें रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग से इस मामले में ध्यान देने और कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। आपको बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्वी बर्दवान जिले में 'मातृ शक्ति भरोसा' योजना के तहत 10 महिलाओं को कार्ड वितरित किए। इस योजना के जरिए सरकार बनने पर हर महिला को 3000 रुपये मासिक देने का वादा किया गया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे प्रचार में तृणमूल कांग्रेस को निष्पक्ष अवसर नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि चुनाव के लिए राज्य में तैनात सुरक्षा बल सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं के साथ चयनात्मक व्यवहार कर रहे हैं।
इस्लामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने 'चुनिंदा व्यवहार' की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'आज दमदम हवाई अड्डे पर केंद्रीय बल हमारी गाड़ी के पास आए। मैंने उनसे हमारी गाड़ी की जांच करने को कहा। अगर तृणमूल नेताओं की गाड़ियों की जांच की जा रही है, तो प्रधानमंत्री या गृह मंत्री की गाड़ियों की क्यों नहीं? क्या सिर्फ तृणमूल की गाड़ियों की ही जांच की जाएगी? देश में क्या चल रहा है?'
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाने की उम्मीद है।
Updated on:
15 Apr 2026 10:34 pm
Published on:
15 Apr 2026 10:31 pm
