सीतारमण ने कहा कि विश्व बैंक की विकास रणनीति में प्रतिस्पर्धी दरों पर वित्त उपलब्ध कराना प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए। इसके लिए स्थानीय मुद्रा में कर्ज देने, गारंटी से जुड़े बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने और लेनदेन की लागत घटाने जैसे कदम जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यम आय वाले देशों के लिए वित्तीय सहायता सस्ती, भरोसेमंद और आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए। विश्व बैंक को विकास साझेदार के रूप में ऐसी व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए, जिससे परियोजनाओं और कारोबारों के लिए पूंजी जुटाना आसान हो। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक के ज्ञान और विशेषज्ञता से जुड़े संसाधनों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरीकरण, पर्यटन, कृषि निर्यात और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में बाजार की कमियों को दूर करने के लिए विश्व बैंक समूह प्रभावी भूमिका निभा सकता है।