
भाजपा नेता को किया गिरफ्तार, आशियाना ध्वस्त करने पहुंचा था बुलडोजर
नीमच. 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है, बुजुर्ग की मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने हड़कंप मचा दिया था, जिसमें साफ नजर आ रहा था कि भाजपा की पूर्व पार्षद का पति बेरहमी से बुजुर्ग की पिटाई कर रहा है, इसके बाद बुजुर्ग का शव मिलने से हंगामा मच गया, पुलिस प्रशासन आरोपी का मकान ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर लेकर भाजपा नेता के घर पहुंच गया था, वहीं नपती कर अल्टीमेटम दे दिया था कि शाम तक सरेंडर नहीं किया तो घर तोड़ देंगे, इसके बाद आरोपी दिनेश कुशवाह ने सरेंडर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी दिनेश कुशवाह एक 65 बुजुर्ग भंवरलाल चत्तर को पिटते हुए नजर आ रहे हैं, इस वीडियो के वायरल होने के बाद ही गुरुवार शाम को मनासा स्थित मारूति शो रूम के पास भंवरलाल पिता शांतिलाल चत्तर (65) निवासी ग्राम सरसी जिला रतलाम का शव मिला, इसी बुजुर्ग के साथ दिनेश कुशवाह द्वारा मारपीट की जा रही थी, आरोपी उन्हें मुस्लिम समझकर पिटाई कर रहा था, इस मामले में पुलिस सख्त रवैया अपना रही है।
घर तोडऩे के लिए दस्तावेज खंगाल रहा प्रशासन
आरोपी का धर तोडऩे के लिए प्रशासन दस्तावेजों को खंगालने में लगा है, पता चला है कि दिनेश जिस मकान में रहता है वह उसके भाई के नाम पर है, अब प्रशासन दिनेश कुशवाह के हिस्से के मकान की जानकारी जुटा रहा है, जैसे ही जानकारी लगेगी, तुरंत पुलिस प्रशासन द्वारा मकान पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय बुजुर्ग का नाम भंवरलाल पिता शांतिलाल चत्तर (जैन) है। जो रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में स्थित ग्राम सरसी के औद्योगिक थाना क्षेत्र निवासी थे, बताया जा रहा है कि उनका पूरा परिवार भेरूजी की पूजा करने के लिए चित्तोडग़ढ़ गया था, पूजा पाठ के बाद १६ मई को भंवरलाल लापता हो गए थे, चूंकि वे मानसिक रूप से भी कमजोर हैं, इस कारण वे कहीं चले गए, इसके बाद गुरुवार को उनका शव मनासा पुलिस थाने से करीब आधा किलोमीटर दूर रामपुरा रोड पर मिला, वहीं सोशल मीडिया पर दिनेश कुशवाह द्वारा की जा रही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे देखकर परिजन सहित कई लोग मनासा थाने पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया, इसके बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया, परिजनों ने बताया कि भंवरलाल बचपन से ही मानसिक रूप से कमजोर थे, इसी कारण उनका विवाह भी नहीं हुआ था।
Updated on:
22 May 2022, 8:59 AM IST
Published on:
22 May 2022, 8:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.