
Nand Kishore Gurjar: गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को नंगे पांव और फटे कपड़ों में गाजियाबाद कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया सेंटर पहुंचकर उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि गुरुवार को निकाली गई कलश यात्रा के दौरान उन पर जानलेवा साजिश रची गई थी। उन्होंने इस साजिश के पीछे उत्तर प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का हाथ होने का आरोप लगाया है।
भाजपा विधायक ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे फटे कपड़ों में और नंगे पैर ही रहेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर काला जादू कराया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया सेंटर में विधायक नंद किशोर गुर्जर फटे कपड़ों और नंगे पांव पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें पहले से इस साजिश का अंदेशा था। भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा "लखनऊ में बैठे एक बड़े अधिकारी ने मेरी हत्या की योजना बनाई थी।"
विधायक ने कहा कि वह भ्रष्टाचार और गरीबों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अब उन्हें राज्य सरकार या पुलिस पर कोई भरोसा नहीं है। उनका विश्वास केवल केंद्र सरकार और न्यायपालिका पर ही है। उन्होंने कहा कि वे इसी वेशभूषा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे।
गुरुवार को लोनी क्षेत्र में एक धार्मिक कलश यात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। बताया गया है कि इस यात्रा के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी, जिस वजह से पुलिस ने यात्रा को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और विधायक के समर्थकों के बीच टकराव हो गया। विधायक गुर्जर का दावा है कि इस झड़प में उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
गाजियाबाद में BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा "मैंने रामकथा की परमिशन ली। फिर भी पुलिस ने कलश यात्रा रोकने की कोशिश की। महिलाओं से बदतमीजी की। उनके कलश गिर गए। टकराव करके पुलिस मेरी हत्या करना चाहती थी। चीफ सेक्रेटरी ने तंत्र क्रिया करके महाराज जी (CM Yogi Adityanath) की बुद्धि को बांध दिया है। मुख्यमंत्री जी ऐसे नहीं थे। सब रो रहे हैं। प्रदेश की जनता दुखी है। यूपी में जब रामकथा नहीं कर सकते, बहन–बेटियां लुट रही हैं, फिर कैसा रामराज्य है?"
नंदकिशोर गुर्जर ने आगे कहा "यूपी का चीफ सेक्रेटरी दुनिया का सबसे भ्रष्ट अधिकारी है। अयोध्या की सारी जमीन अधिकारियों ने लूट ली। फर्जी एनकाउंटर में लोग मारे जा रहे हैं। 28 मार्च के बाद कथा करके लखनऊ आ रहा हूं। चीफ सेक्रेटरी से कह रहा हूं। मेरा सीना होगा, तुम्हारी गोलियां कम पड़ जाएंगी। अधिकारी, मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर शाम 5 बजते ही शराब पी लेते हैं। मुख्यमंत्री जी को एक–एक बात बताउंगा।"
दरअसल, गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर लोनी में रामकथा का आयोजन करा रहे हैं। 20 मार्च यानी गुरुवार से रामकथा शुरू होनी थी। इससे पहले लोनी में कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। जिसमें तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने से रोका तो विधायक के समर्थक भड़क गए। बताया गया कि कलशयात्रा की विधायक ने अनुमति नहीं ली थी। जबकि विधायक का कहना है कि उन्होंने लोनी एसडीएम से इसकी अनुमति ली थी। इसी को लेकर बहस के साथ ही विधायक के समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के कपड़े तक फट गए।
पुलिस और विधायक के समर्थकों में धक्का मुक्की के दौरान नंद किशोर गुर्जर धरने पर बैठ गए। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक हंगामे और मामले के बढ़ने की सूचना पर एसपी मौके पर पहुंचे। हालांकि एसपी ने विवाद को सुलझाते हुए कलशयात्रा को जाने दिया। इस दौरान नंद किशोर गुर्जर ने फटे कपड़ो में ही कलश यात्रा निकाली, लेकिन इस घटना के बाद बीजेपी विधायक पुलिस प्रशासन पर जमकर भड़के।
Updated on:
21 Mar 2025 06:46 pm
Published on:
21 Mar 2025 06:46 pm
