
Crime: सफेद जिन्न की औलाद परिवार का विनाश करेगी...तांत्रिक की भविष्यवाणी सुन मां ने दो साल के बेटे को आगरा नहर में फेंका
Crime: दिल्ली से सटे फरीदाबाद में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने ही दो साल के मासूम बेटे को आगरा नहर में फेंक दिया। महिला के बेटे को एक तांत्रिक ने सफेद जिन्न की औलाद बताकर पूरे परिवार का विनाश होने की भविष्यवाणी की थी। राहगीरों ने महिला को बच्चा फेंकते देखा तो मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान लोगों ने मौके पर ही महिला को पकड़ लिया और पुलिस बुला ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में बच्चे की तलाशी शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हुआ था। वहीं बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना रविवार देर शाम की है। फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी निवासी कपिल लुकरा ने बताया कि वह इंटीरियर कारोबारी है। उसकी शादी करीब 16 साल पहले मेघा लुकरा से हुई थी। दोनों के एक 14 साल की बेटी मान्या है। बेटी के जन्म के करीब 12 साल बाद मेघा ने एक बच्चे को जन्म दिया। लंबी अविध के बाद उनके घर जन्मे बच्चे का नाम उन्होंने तन्मय उर्फ रौनक रखा था। कपिल ने बताया "हमारा परिवार हंसी-खुशी बच्चों के लालन-पालन में लगा था। सबकुछ ठीक चल रहा था। इसी बीच मेघा एक तांत्रिक के संपर्क में आ गईं। तांत्रिक ने मेघा की गोद में तन्मय को देखकर कहा कि यह सफेद जिन्न का बच्चा है। जो तुम्हारे पूरे परिवार के विनाश का कारण बनेगा।"
कपिल ने पुलिस को आगे बताया "इसके बाद से मेघा तन्मय से चिढ़ने लगीं। हम लोगों ने मेघा को तमाम समझाने की कोशिश की, लेकिन उसपर हमारी बातों का कोई असर नहीं हुआ। वह तांत्रिक की बातों में फंसकर अपना मानसिक संतुलन खोने लगी। वह अपने ही बच्चे को सफेद जिन्न की औलाद समझती थी। इसके चक्कर में वह घर में रहकर काफी परेशान रहती थी। हम लोग उसका पूरा ध्यान रखते थे। इसी बीच रविवार शाम करीब पांच बजे मेघा बच्चे को लेकर घर से निकल गई। इसकी जानकारी मेरी बेटी ने मुझे दी तो हमने मेघा की तलाश शुरू की। इसी बीच रात करीब नौ बजे पुलिस की कॉल मिली। इसमें पता चला कि मेघा ने तन्मय उर्फ रौनक को आगरा नहर में फेंक दिया है।" बेटे के नहर में फेंके जाने की सूचना से कपिल बदहवाल स्थिति में फरीदाबादी के बीपीटीपी थाने पहुंचा। जहां वह मेघा को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगा।
पुलिस के सामने मेघा से कपिल बार-बार अपने बच्चे के बारे में पूछ रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार देर शाम करीब आठ बजे बीपीटीपी पुल पर एक महिला अपने दो साल के बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी। अचानक उसने हवा में हाथ लहराया और बच्चे को आगरा नहर में फेंक दिया। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची डायर-112 पुलिस ने महिला से बच्चे के बारे में पूछताछ शुरू की। इस दौरान मेघा चुप रही।
बीपीटीपी थाना पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के बाद काफी देर तक मेघा बच्चे को नहर में फेंकने की बात से इनकार करती रहीं। हालांकि जब महिला के पति को मामले की सूचना दी गई तो सच्चाई सामने आ गई। इसके बाद मेघा के पति कपिल की शिकायत पर आरोपी तांत्रिक और मेघा लुकरा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तांत्रिक की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जबकि मेघा लुकरा से पूछताछ जारी है।
Updated on:
13 May 2025, 3:14 PM IST
Published on:
13 May 2025, 10:29 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.