
मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फोटो सोर्स- (IANS)
Himanshu Bhau Gang: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शाहबाद डेयरी इलाके में हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। उनके पास से दो अवैध पिस्टल भी बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, रोहिणी क्राइम ब्रांच को दोनों बदमाशों के इलाके में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेक्टर-29, रोहिणी के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही दोनों स्कूटी पर वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय शूटर है, जबकि दूसरा उसका साथी है। दोनों के पास से दो अवैध हथियार बरामद हुए हैं। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने वाले थे और गैंग के किन-किन लोगों से उनका संपर्क था।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों का नाम चर्चित जोगिंदर डबास हत्याकांड में भी जुड़ा हुआ है। पुलिस का मानना है कि इस हत्या की साजिश गैंग के सरगना हिमांशु भाऊ के करीबी साथियों विक्की हडल और डाकू कुलासिया के कहने पर रची गई थी। अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे गैंग के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को शक है कि गैंग के सदस्य सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग ऐप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे और वहीं से उन्हें वारदातों के निर्देश मिलते थे। हाल के दिनों में हुई फायरिंग और रंगदारी के मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
हिमांशु भाऊ गैंग का नाम दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के बड़े आपराधिक गिरोहों में लिया जाता है। इस गैंग पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग और कई संगीन अपराधों के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग का सरगना विदेश में बैठकर अपने गुर्गों के जरिए वारदातों को अंजाम दिलाता है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से गैंग के कई और सदस्यों तक पहुंचने और उनकी आगे की साजिशों का खुलासा करने में मदद मिलेगी।
Updated on:
30 Jul 2026 09:04 am
Published on:
30 Jul 2026 09:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
