
दिल्ली में जिम ट्रेनर विजय लोहिया की हत्या (Photo: instagram/propunjabtv)
Himanshu Bhau Gang: दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय जिम ट्रेनर विजय लोहिया की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद अब विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी ली है। दिल्ली पुलिस फिलहाल पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस दावे का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
हत्या के बाद सामने आये इस कथित सोशल मीडिया पोस्ट में खुली धमकी दी गई है। इसमें हिंदी में लिखा गया है, "भागने से काम नहीं चलेगा, फील्ड में आओ… भागने नहीं दूंगा किसी को।" पुलिस अब इस पोस्ट की सत्यता और हत्या के पीछे गैंग के कनेक्शन की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, फतेहपुर बेरी निवासी विजय लोहिया सोमवार सुबह करीब 10 बजे हंसा चौक के पास थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावर जिम के बाहर विजय के आने का इंतजार कर रहे थे। उन्हें किसी व्यक्ति से बात करने के बहाने जिम से बाहर बुलाया गया और बाहर निकलते ही घात लगाकर हमला किया गया।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलाईं। विजय को कई गोलियां लगीं और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय अपने पीछे 24 वर्षीय पत्नी रितु को छोड़ गया हैं।
जानकारी के अनुसार, हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और दो मोटरसाइकिलों पर आए थे। इन मोटरसाइकिलों पर कथित तौर पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थीं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी दो लोगों ने की।
पुलिस को आशंका है कि विजय लोहिया की हत्या के पीछे दो परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश हो सकती है। इस कथित पारिवारिक विवाद में पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।
फतेहपुर बेरी थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने पर है। इस बीच, हिमांशु भाऊ के नाम से सामने आई सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और उसका इस हत्याकांड से संबंध भी जांच का अहम हिस्सा है।
Updated on:
15 Sept 2026 04:32 pm
Published on:
15 Sept 2026 04:14 pm
