
दिल्ली: आप सरकार की पैनल में शामिल HC के वकील पर लॉ की छात्रा से बलात्कार का आरोप, गिरफ्तार
नई दिल्ली। नई दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक ओर ऐसी घटना ने दिल्ली को शर्मसार कर दिया। इस बार दिल्ली हाईकोर्ट परिसर में कानून की छात्रा के साथ एक वकील के चैंबर में बलात्कार करने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने आरोपित वकील को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आरोपी वकील दिल्ली सरकार के पैनल में शामिल है।
पीड़ित छात्रा का आरोप
आपको बता दें कि पीड़ित छात्रा ने वकील पर आरोप लगाया है कि उसके साथ बलात्कार किया है। आरोपी वकील की पहचान सुजीत कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन आरोपी वकील को गिरफ्तार कर तीन दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया है। 21 वर्षीय पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया है कि सुजीत ने उसे दो साल पहले अहमदाबाद (गुजरात) लेकर गया था और वहां होटल में दुष्कर्म कर तस्वीरें खींची थी। उसके बाद से लगातार करियर बर्बाद करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। छात्रा ने आरोप लगाया है कि सुजीत ने इन दो वर्षों में हाईकोर्ट परिसर में चैंबर के अलावा दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर ले जाकर बलात्कार किया है। छात्रा ने कहा है कि सुजीत ने उससे शादी करने का वादा किया था लेकिल जब उसे शादी के लिए कहा तो उसने दो बच्चों का पिता होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। बता दें कि बीते दिनों पीड़ित छात्रा ने तिलक मार्ग थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
तफ्तीश में जुटी पुलिस
बता दें कि मामले की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस तफ्तीश में जुट गई है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया है कि 42 वर्षीय सुजीत कुमार मिश्रा मूलरूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है। वह पहले मंडावली में रहता था, लेकिन इस समय फरीदाबाद में रह रहा है। जबकि पीड़िता मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली है और दिल्ली में वसंतकुंज इलाके में एक शिक्षण संस्थान के परिसर में रहती है। उनके पिता वहां नौकरी करते हैं। कानून की पढ़ाई करने के दौरान वर्ष 2015 में युवती हाई कोर्ट में एक वकील के पास दो महीने के लिए इंटर्नशिप करने गई थीं, तभी उनका परिचय सुजीत से हुआ था। इस दौरान युवती का नंबर लेकर उसने बातचीत शुरू कर दी थी। करियर संवारने की बात कहकर अपने पास इंटर्नशिप करने का ऑफर दिया। वर्ष 2016 में सुजीत ने युवती को फोन कर नोट्स देने के बहाने नेहरू प्लेस में बुलाया और वहां छेड़खानी की। विरोध जताने पर गलती मान ली और कहा कि वह परीक्षा खत्म होते ही इंटर्नशिप करने के लिए उसके पास आ जाएं। वह 10 हजार रुपये महीने भी देगा। इस बीच जुलाई, 2016 में मुवक्किल से मीटिंग का बहाना बनाकर युवती को अहमदाबाद चलने को कहा। युवती ने जब परिजनों से अनुमति न मिलने की बात कही तो उसने कहा कि सुबह फ्लाइट से जाएंगे और शाम को लौट आएंगे। उसने आने-जाने का टिकट दिखाया तो पीड़िता तैयार हो गई।
अहमदाबाद में शुरू हुई थी कहानी
आपको बता दें कि छात्रा से बलात्कार की कहानी अहमदाबाद में शुरू हुई थी। दरअसल अहमदाबाद के एक होटल में सुजीत ने सुबह एक कमरा बुक कराया। शाम हो जाने पर कहा कि उसके कुछ काम बचे रह गए हैं, इसलिए टिकट रद कराने पड़े। रात हो जाने पर युवती ने खुद के लिए दूसरा कमरा बुक करवाने को कहा। उसने होटल के मैनेजर से युवती के पास फोन करवाकर कहलाया कि कमरा खाली नहीं है। अगले दिन सुबह उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और तस्वीरें भी खींच लीं। जब लड़की रोने लगी तो सुजीत ने गलती मान ली और कहा कि वह लंदन जाने वाला है। उसके पास अहमदाबाद और दिल्ली में कई केस हैं। सब कुछ वह उन्हें सौंप देगा, लेकिन दिल्ली आने के बाद भी ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा।
Published on:
19 Jul 2018 09:08 pm
