20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

शक में पत्नी की हत्या के बाद पुलिस से खेलता रहा ‘लोकेशन गेम’, आखिर ऐसे पकड़ा गया दिल्ली मर्डर केस का आरोपी

Delhi Seelampur murder: दिल्ली के सीलमपुर में पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के कई शहरों में फरार रहा। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी की मदद से मुरादाबाद से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची और खून से सने कपड़े बरामद किए।
2 min read
Google source verification
Delhi Seelampur murder

प्रतीकात्मक तस्वीर।

Seelampur wife murder case: पत्नी की हत्या के बाद आरोपी यह सोच रहा था कि लगातार शहर बदलने से वह कानून की पकड़ से बच जाएगा, लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा दिन नहीं चल सकी। दिल्ली के सीलमपुर में पत्नी की हत्या करने के बाद 52 वर्षीय सलीम ने तीन दिन तक उत्तर प्रदेश के कई शहरों की खाक छानी, लेकिन पुलिस की तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी नेटवर्क ने उसकी पूरी 'फरारी की कहानी' खोल दी। आखिरकार मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सीलमपुर स्थित घर में 45 वर्षीय महिला खून से लथपथ हालत में मिली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद महिला का पति सलीम घर से गायब मिला। इसी के साथ पुलिस का शक उसी पर गहरा गया और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गईं।

लोकेशन बनी गिरफ्तारी की कड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। शुरुआती पड़ताल में पता चला कि आरोपी दिल्ली के आनंद विहार से निकलकर मुरादाबाद पहुंचा। वहां ज्यादा देर नहीं रुका और रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ तक घूमता रहा। लगातार ठिकाने बदलने के पीछे उसका मकसद गिरफ्तारी से बचना था, लेकिन पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। आखिरकार जब वह दोबारा मुरादाबाद लौटा तो रेलवे स्टेशन के पास उसे दबोच लिया गया।

पूछताछ में सलीम ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक, उसने दावा किया कि उसकी पत्नी एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करती थी और उसे संदेह था कि उसका किसी सहकर्मी के साथ प्रेम संबंध है। इसी शक को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

कैंची और खून से सने कपड़े बरामद

बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर सलीम ने घर में रखी कैंची से पत्नी पर कई वार कर दिए। वारदात के बाद वह महिला को उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। हालांकि, हत्या के पीछे बताए जा रहे कथित प्रेम संबंध के दावे की जांच की जा रही है और अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।