
शहजाद पूनावाला ने झारखंड पेपर लीक पर राहुल गांधी को दी चुनौती, फोटो सोर्स- एक्स @Shehzad_Ind ANI
Shehzad Poonawalla on Rahul gandhi: झारखंड में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली का मुद्दा अब राजनीतिक बयानबाजी का रूप लेता जा रहा है। इस मामले को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की चुनौती दी है। दरअसल, पूनावाला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए राहुल गांधी से संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने की अपील की और कहा कि केवल ट्वीट करने के बजाय उन्हें संसद में आकर अपनी बात रखनी चाहिए।
शहजाद पूनावाला ने अपने पोस्ट में राहुल गांधी को संबोधित करते हुए लिखा है कि 'झारखंड पर जागो, ट्वीट करके संसद से मत भागो।' इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि अगर हिम्मत है तो अमित शाह के साथ चर्चा के लिए आएं। पूनावाला ने राहुल गांधी से संसद का समय और खर्च बर्बाद नहीं करने की भी अपील की।
बीजेपी प्रवक्ता ने अपने पोस्ट में राहुल गांधी के लिए 'Gen G' शब्द का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए बयान देने के बजाय राहुल गांधी को संसद में आकर इस पर चर्चा करनी चाहिए। पूनावाला का यह बयान ऐसे समय आया है जब झारखंड में परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक को लेकर छात्रों का विरोध जारी है।
झारखंड पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर से जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक ईडी और सीआईडी द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड अभय तिवारी सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीआईडी जांच में खुलासा हुआ है कि JSSC CGL परीक्षा के प्रश्न पत्र 12 लाख रुपए में बेचे गए थे, वहीं JPSC में धांधली और ब्लैकलिस्टेड कंपनी को काम देने के आरोपों के बीच तत्कालीन JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में इस पूरे परीक्षा घोटाले की आर्थिक कड़ियों और मनी ट्रेल की जांच प्रवर्तन निदेशालय संभाल रहा है।
Updated on:
11 Aug 2026 01:35 pm
Published on:
11 Aug 2026 01:35 pm
