
लोरेंस बिश्नोई ( File Photo-ANI)
Delhi Police Success: दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और दिल्ली में टारगेट किलिंग की तैयारी कर रहे थे। रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना के बाद छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर गैंग के पूरे नेटवर्क और उनके संभावित टारगेट का पता लगा रही है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन लोग प्लानिंग करके किसी की हत्या करने वाले हैं। पुलिस सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्टिव हुई और टीम ने बिना देरी किए बताए गए ठिकाने पर छापा मार दिया। मौके पर जैसे ही आरोपियों ने पुलिस को देखा, खुद को बचाने के लिए उन्होंने भागने की कोशिश की। लेकिन टीम पहले से पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए शूटरों के तार पहले हुई फायरिंग की कई घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
अमेरिका हाल ही में भी लॉरेंस गैंग के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अमेरिकी जांच एजेंसी, FBI ने 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस ऑपरेशन में लॉरेंस के साथ-साथ गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े लोगों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। विदेशी एजेंसियों की कार्रवाई के बाद गैंग के अंतरराष्ट्रीय संपर्क एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
लॉरेंस बिश्नोई के करीबी माने जाने वाले सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर भी जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, FBI ने उससे संंबंधित सूचना देने वाले के लिए 50 हजार डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। गोल्डी बराड़ का नाम लॉरेंस गैंग से जुड़े कई मामलों में सामने आता रहा है। बता दें इन दोनों की दोस्ती कॉलेज के समय से थी, लेकिन 2025 में इन दोनों की दोस्ती में दरार की खबरें सामने आईं।
Updated on:
12 Jul 2026 10:41 am
Published on:
12 Jul 2026 10:06 am
