
CJP प्रदर्शन में नारे लगाता दिखा हिस्ट्रीशीटर हाफी अफजल | X(@itsmittalHim)
CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन अब एक नए विवाद में घिर गया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारियों के बीच एक ऐसे चेहरे की एंट्री हुई है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के इस प्रदर्शन में उत्तर-पूर्वी दिल्ली का नामी हिस्ट्रीशीटर हाफी अफजल न सिर्फ शामिल हुआ, बल्कि अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर नारेबाजी करता भी दिखाई दिया है। यह मामला तब और बड़ा हो गया जब पता चला कि इस बदमाश की पत्नी हज्जन शकीला आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा पार्षद हैं
सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके के नेतृत्व में पिछले करीब तीन हफ्तों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा है। इसी आंदोलन के तहत 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से संसद भवन तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा था। अब पुलिस के सामने एक ऐसा वीडियो आया है, जिसमें हिस्ट्रीशीटर हाफी अफजल अपने साथ कई लड़कों की भीड़ लेकर इस संसद मार्च और नारेबाजी करता दिख रहा है। पुलिस अब गंभीरता से इस बात की जांच कर रही है कि 20 जुलाई को हुई हिंसा में इस शातिर अपराधी की क्या भूमिका थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हाफी अफजल कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि इलाके का बड़ा बदमाश है। अफजल के खिलाफ कानून की अलग-अलग धाराओं में कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें हत्या, मर्डर की कोशिश, किडनैपिंग, आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे संगीन मामले शामिल हैं। इतना ही नहीं, साल 2009 में उसके खिलाफ सख्त कानून MCOCA के तहत भी केस दर्ज किया गया था, जिसमें अदालत ने 28 अगस्त 2013 को उसे दोषी करार देते हुए 6 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई थी। हालांकि वह अपनी सजा पूरी कर चुका है, लेकिन छात्रों के आंदोलन में उसकी मौजूदगी ने सबको चौंका दिया है।
हिस्ट्रीशीटर हाफी अफजल की पत्नी हज्जन शकीला सीलमपुर के वार्ड नंबर 225 से आम आदमी पार्टी (AAP) की पार्षद हैं। एक तरफ जहां जंतर-मंतर पर नीट छात्रों के समर्थन में सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे हैं और सरकार उन्हें मनाने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के गंभीर अपराधियों के प्रदर्शन में आने से सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Updated on:
23 Jul 2026 09:27 am
Published on:
23 Jul 2026 08:35 am
