11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली अग्निकांड: बांग्लादेश से अपने पति के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आई थी रहाना, अगले ही दिन झुलसी आग में, एक हफ्ते बाद तोड़ा दम

Delhi Fire Tragedy: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड में घायल बांग्लादेशी महिला रहाना अख्तर की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपने पति के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली आई थीं।

2 min read
Google source verification
Delhi Fire Tragedy

दिल्ली अग्निकांड में मृतकों की संख्या हुई 23 (Photo-IANS)

Rahana Akhtar Death: साउथ दिल्ली के मालवीय नगर में 3 जून को एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। आग में गंभीर रूप से घायल हुई बांग्लादेशी नागरिक रहाना अख्तर ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रहाना अपने पति के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए बांग्लादेश से दिल्ली आई थीं। आग लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लगभग एक सप्ताह तक उनका उपचार चला। इससे पहले इस हादसे में उनके भाई समेत 22 लोगों की मौत हो चुकी थी। इस अग्निकांड में जान गंवाने वाली वह 14 वीं विदेशी नागरिक हैं।

पति के इलाज के लिए आई थी दिल्ली

रहाना अख्तर अपने पति मोशराफ हुसैन के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 2 जून को बांग्लादेश की राजधानी ढाका से दिल्ली आई थीं। उनका साथ देने के लिए उनके भाई मोहम्मद नुरुल अमीन भी उनके साथ आए थे। जानकारी के अनुसार ट्रांसप्लांट के लिए किडनी डोनेट करने वाली मोशराफ की बहन जोहरा और उनकी बेटी भी दिल्ली आईं थीं। परिवार इस उम्मीद के साथ आया था कि इलाज के बाद सब ठीक हो जाएगा लेकिन दिल्ली आने के अगले ही दिन होटल अग्निकांड से उनकी जिंदगी बदल गई।

हॉस्पिटल जाने से पहले खा रहे थे खाना

मोहम्मद नुरुल अमीन के बहनोई ने बताया कि वे सभी 2 जून को दिल्ली पहुंच गए थे और रात उन सब ने एयरपोर्ट पर ही निकाली थी। उसके बाद सुबह खाना खाने के लिए कैफे गए थे। वह कैफे बी एंड बी के पहली मंजिल पर था। अमीन और उनके परिवार के लोग खाना खा रहे थे और इसके बाद हॉस्पिटल जाने वाले थे। तभी अचानक बिल्डिंग में आग लग गई और वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अमीन उन 22 लोगों में शामिल थे, जिन्होंने मौके पर ही अपनी जान गंवा दी थी। वहीं, हुसैन, रहाना, जोहरा और उनकी बेटी घायल हो गए थे।

एक सप्ताह तक चला इलाज

आग में गंभीर रूप से झुलसने के बाद रहाना अख्तर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की और कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा। हालांकि उनकी हालत काफी नाजुक बनी रही और चोटें ज्यादा गंभीर होने के कारण उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका। करीब एक हफ्ते तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का शक, जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार बिल्डिंग में आग से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। जांच में होटल संचालन में बहुत-सी लापरवाही सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि होटल में सिर्फ 6 कमरों की इजाजत थी जबकि उस होटल में 25 कमरे बने हुए थे। वहीं होडटल में सिर्फ एक इमरजेंसी एग्जिट गेट था। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस मामले में होटल के मालिक और कुक की गिरफ्तारी हो चुकी है।