
राम मंदिर में हुई चोर को लेकर अरविंद केजरीवाल ने पूछा सवाल, फोटो सोर्स- IANS
Ram Mandir Donation Case: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने दावा किया कि श्रीराम मंदिर से 200 करोड़ रुपए की चोरी हुई, लेकिन अब तक केवल 80 लाख रुपए ही बरामद किए गए हैं। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि बाकी पैसा कहां गया और आरोप लगाया कि मामले में बड़ी मछलियां अब भी खुली घूम रही हैं, जबकि जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।
केजरीवाल ने अपने बयान में कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा पूरे प्रकरण में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई अतिरिक्त साक्ष्य या दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए। वहीं, इस मामले पर संबंधित एजेंसियों या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा और दान राशि में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर आठ नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नामजद आरोपियों में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष कुमार यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट में सख्त कार्रवाई की सिफारिश के बाद यह कदम उठाया गया।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोप सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूरे मामले की विशेष जांच की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 13 जून को तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया। इस जांच दल में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को शामिल किया गया। एसआईटी ने 23 जून को सरकार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
Updated on:
28 Jun 2026 02:17 pm
Published on:
28 Jun 2026 02:16 pm
