
ट्रंप के बयान पर पवन खेड़ा ने CEC ज्ञानेश कुमार और EVM को लेकर कसा तंज। (फोटो सोर्स-IANS)
Indian election system: अमरीका में चुनावी नियमों को लेकर चल रही बहस के बीच भारत की वोटर आईडी और चुनाव व्यवस्था भी चर्चा में आ गई है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमरीका में मतदान के लिए सख्त पहचान नियमों की पैरवी करते हुए भारत की चुनाव प्रक्रिया का उदाहरण दिया। ट्रंप के इस बयान के बाद भारत में कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच पहले से चल रही राजनीतिक तकरार एक बार फिर सामने आ गई है।
दरअसल, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर अमरीका में चुनाव के दौरान मतदाता पहचान पत्र को जरूरी बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का समर्थन किया। इसी दौरान उन्होंने भारत की चुनाव व्यवस्था का जिक्र किया। ट्रंप के मुताबिक, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनसे बातचीत के दौरान सवाल किया था कि अमरीका में बिना वैध फोटो पहचान पत्र के लोग मतदान कैसे कर सकते हैं।
ट्रंप ने भारत के लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया था और मतदाताओं के पास वैध फोटो पहचान पत्र था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान करने वालों की संख्या एक प्रतिशत से भी कम रही।
ट्रंप के इस बयान के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ट्रंप को संबोधित करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि ट्रंप ज्ञानेश कुमार को अमरीका ले जाएं और भारत अपनी EVM भी अगली उपलब्ध फ्लाइट से भेज देगा। अपने पोस्ट के अंत में खेड़ा ने 'To SIR With Love, from India' लिखकर मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR पर भी निशाना साधा।
कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच विवाद नया नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले भी मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा चुके हैं। महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' के आरोप लगाए थे। चुनाव आयोग ने उनके आरोपों पर सबूत देने के लिए हलफनामा दाखिल करने या आरोप वापस लेने को कहा था।
अब ट्रंप की ओर से भारतीय चुनाव व्यवस्था और CEC ज्ञानेश कुमार का जिक्र किए जाने के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव आयोग को घेर लिया है। इससे भारत में वोटर आईडी, EVM और मतदाता सूची को लेकर चल रही राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
फिलहाल ट्रंप के बयान का असर सिर्फ अमरीका की चुनावी बहस तक सीमित नहीं रहा। भारत में भी इस बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है और सोशल मीडिया पर EVM, वोटर आईडी और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे फिर चर्चा में हैं।
Updated on:
18 Aug 2026 02:27 pm
Published on:
18 Aug 2026 02:27 pm
