जयपुर. सरकार ने प्रदेश के उद्योगों में प्रदेश के नागरिकों को रोजगार देने के लिए प्रोत्साहित किया है। विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की घोषणा के तहत जिन उद्योगों में 50 प्रतिशत कार्मिक राजस्थान के निवासी हैं, तो उनके कुल ईपीएफ और ईएसआइ का 50 प्रतिशत सरकार अनुदान देगी और यदि 75 प्रतिशत कर्मचारी राजस्थान के निवासी हैं, तो 75 प्रतिशत ईपीएफ और ईएसआइ सरकार जमा कराएगी। राठौड़ ने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के ज्यादा अवसर मिलेंगे और उद्योगों पर भी भार नहीं पड़ेगा। सरकार की इस का लाभ योजना राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम के तहत उद्योगों को दिया जाएगा। प्रदेश के औद्योगिक संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।