
इंदौर. अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह में नशेड़ी, डीजे, ऊंट और हाथी की नो एंट्री रहेगी। कलेक्टर ने साफ कर दिया कि नशा करके आने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। झांकी कलाकार व अखाड़ों को भी डीजे, ऊंट और हाथी नहीं लगने का कहा गया। यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर झांकी मिल से निकल जाए। देरी होने पर अगली झांकी को मौका दे दिया जाएगा।
17 सितंबर को 102 साल पुरानी परंपराओं का कारवां अनंत चतुर्दशी पर निकलेगा। झिलमिलाती झांकियां शहर के प्रमुख मार्गों पर निकलेगी। कलेक्टर आशीष सिंह ने बुधवार को सभी झांकियों व अखाड़ों के संचालकों की बैठक बुलाई थी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर चल समारोह निकलेगा तो कानून का पालन करना होगा। उन्होंने नशा करके आने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है, जिनकी पुलिस ब्रीथ एनेलाइजर से जांच करेगी। कायदे में रहेंगे अखाड़े, हाथी-ऊंट प्रतिबंधित चल समारोह में सबसे ज्यादा विवाद अखाड़ों में ही होता है, जिसको लेकर कलेक्टर सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उसमें प्रशिक्षित व्यक्ति, एक बैलगाड़ी और एक ठेले को शामिल होने की अनुमति दी है। हाथी और ऊंट पुरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। पहचान के लिए टीशर्ट पहनना होगी तो नियंत्रण की जिम्मेदारी खलीफा व उस्ताद की होगी। धारदार हथियार नहीं चलेंगे तो खलीफा के पास एक तलवार होगी।
निर्णायक मंच के सामने ज्यादा देर करतब करने पर माइनस मार्किंग के भी कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं। शाम 6 बजे पहुंचें झांकी के पास आमतौर पर अखाड़ों की वजह से झांकी के मिल से निकलने में देरी हो जाती है। इस पर सभी संचालकों को साफ कर दिया कि वे शाम 6 बजे तक अपनी झांकियों के पास पहुंच जाएं। देरी से आने वाले अखाड़ों को अनुमति नहीं होगी। झांकी भी निर्धारित समय पर नहीं निकली तो अगली झांकी को आगे बढ़ा दिया जाएगा।
इन पर रहेगी नजर
चल समारोह में मुंह से मिट्टी का तेल डालकर आग निकालने वाला खतरनाक प्रदर्शन व शरीर में धारदार हथियार लगाकर खून निकालने वाले खेल को अनुमति नहीं दी होगी। इनके अलावा दुश्मनी को लेकर दलबंदी करने वाले अखाड़ों पर विशेष नजर रखी जाएगी। संचालकों को चल समारोह में शामिल होने वालों की सूची परदेशीपुरा सहायक पुलिस आयुक्त को देना होगी।
ये है परंपरागत झांकी मार्ग
चल समारोह मिल क्षेत्र से शुरू होकर मजदूर मैदान, भण्डारी मिल, श्रम शिविर, देवी अहिल्या मार्ग, एमजी रोड, कृष्णपुरा, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नृसिंग बाजार, चौराहा सीतलामाता बाजार, गौराकुण्ड, खजुरी बाजार से राजबाड़ा होकर वापस अपने मिल में पहुंचेगा।
पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को नोटिस
बैठक से गायब रहने वाले पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री मनोज सक्सेना को कलेक्टर सिंह ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी की जाएगी।
सुबह किया झांकी मार्ग का दौरा
कलेक्टर सिंह और सभी विभागों के अफसरों ने बुधवार सुबह 9 बजे झांकी मार्ग का दौरा किया। बंबई बाजार से राजबाड़ा पैदल चलने के बाद सिटी बस से आगे का सफर किया गया। बिजली कंपनी के अफसरों को वायरिंग सुधारने व निगम को जर्जर भवन व सड़क सुधार के निर्देश दिए।
Updated on:
12 Sep 2024, 9:58 AM IST
Published on:
12 Sep 2024, 9:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.