
पाली में प्रॉपर्टी डीलर (फोटो- पत्रिका)
Property Dealer Vajaram Murdered in Pali: पाली में सदर थाना क्षेत्र के रामासिया के पास मंगलवार सुबह एक प्रॉपर्टी व्यवसायी व किराणा व्यापारी का क्षत-विक्षत शव ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे पर मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और शरीर के हिस्से पोटली में भरकर मोर्चरी में रखवाए।
पार्षद प्रकाश चौहान ने बताया कि 23 मार्च शाम करीब चार बजे वजाराम किसी परिचित के साथ प्लॉट की रजिस्ट्री कराने गए थे। घरवालों को उन्होंने कहा था कि दुकान के लिए किराणा का सामान लाना है। वजाराम का मोबाइल डिस्चार्ज होने से वह पत्नी का मोबाइल लेकर निकले थे।
शाम छह बजे रजिस्ट्रार ऑफिस के पास अंतिम लोकेशन मिली। फिर उनका कोई पता नहीं चला। शत-विक्षत शव मिलने की सूचना मंगलवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने परिजनों को दी। परिजन पहुंचे तो शव सड़क पर चिपका था। वजाराम की बाइक सड़क किनारे सही खड़ी थी।
वजाराम का शव मोर्चरी में रखवाने के बाद परिजन और समाज के लोग एकत्रित हुए। परिजनों का आरोप है कि किसी ने वजाराम की हत्या कर शव हाईवे पर फेंक दिया। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
मामला हत्या में दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों की ओर से दी रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
व्यापारी के हाईवे पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन गुजरे, जिससे शरीर के कई टुकड़े हो गए और वे सड़क पर फैल गए। शरीर का एक हिस्सा सड़क पर चिपक गया। शव के ऊपर से सैकड़ों वाहन गुजरने के बावजूद संवेदनहीनता रही, किसी ने वाहन नहीं रोका।
सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने बताया कि मृतक वजाराम की बाइक हाईवे किनारे खड़ी मिली। सड़क पर शव के कई हिस्से अलग-अलग जगह पड़े थे। आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को जानकारी दी गई।
लास्ट लोकेशन रजिस्ट्रार ऑफिस से करीब चार किलोमीटर दूर हाईवे पर किराणा व्यापारी का शव मिला है। यह उनके घर जाने वाले मार्ग से अलग है। घर से ये दूरी मात्र दो किलोमीटर की है।
बांगड़ अस्पताल में काफी लोग पहुंचे और परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नू और सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने समझाइश की। पुलिस घटनास्थल और आसपास क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मृतक वजाराम के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा प्रकाश देवासी (30) और छोटा श्रवण देवासी (24) है। प्रकाश विवाहित है, जबकि श्रवण का विवाह होना है।
Updated on:
25 Mar 2026 11:40 am
Published on:
25 Mar 2026 11:24 am
