
नोएडा. राजधानी दिल्ली में 23 मार्च से होने वाले सत्याग्रह में देश के किसानों की समस्याओं के साथ जनलोकपाल और चुनावों में पारदर्शिता लाने के लिए अन्ना हजारे सत्याग्रह शुरू करेंगे। अन्ना सत्याग्रह जन जागरुकता अभियान के तहत रविवार को दादरी के बील अकबरपुर गांव में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें देश के वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने लोगों से 23 मार्च को दिल्ली में होने वाले सत्याग्रह के लिए सहयोग देने की अपील की। इसके साथ ही अन्ना हजारे ने यहां के किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी करने के बाद वे सरकार को पत्र लिखकर उन समस्याओं के निवारण की अपील करेंगे। इस दौरान अन्ना ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा उद्योगपतियों की सरकार है।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के बील अकबरपुर गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए आंदोलन किया जाएगा। इसमें किसानों की जमीन संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। अन्ना हजारे ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के कृषि मूल्य दर में कटौती कर रही है, जिससे किसान को लागत का भी मूल्य नहीं मिला पाता और किसान कर्ज में डूब जाता है। पिछले 22 वर्ष में 12 लाख किसानों ने आत्महत्या की है। कृषि प्रधान देश में किसानों को खर्च पर आधारित मूल्य मिलना अनिवार्य होना चाहिए। इन्हीं सब मांगों को लेकर 23 मार्च से दिल्ली में आंदोलन शुरू किया जा रहा है। बता दें कि आंदोलन से लोगों को अवगत कराने के लिए देश के अलग-अलग स्थानों पर सभाएं की जा रही हैं। इनमें अन्ना किसानों से आंदोलन में पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अन्ना ने कहा कि भाजपा उद्योगपतियों की सरकार है। किसानों के हित की बात नहीं की जा रही है। हम सरकार आने पर तीन साल इसलिए चुप रहे कि सरकार लोकपाल और किसानों को लेकर नीति बदलेगी। मगर सरकार ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। अन्ना हजारे ने कहा कि 23 मार्च से दिल्ली में होने वाले सत्याग्रह में देश के किसानों की समस्याओं के साथ जनलोकपाल और चुनावों में पारदर्शिता लाने के लिए सत्याग्रह शुरू करेंगे। इसके साथ ही अन्ना सत्याग्रह आंदोलन के लिए प्रवीण भारतीय सहित 3 लोगों कि साइकिल यात्रा को अन्ना हजारे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो लगभग 19 जनपदों से होकर गुजरेगी और दिल्ली में इसका समापन होगा।
यह भी पढ़ें- तापसी पन्नू ने कहा- वेलेंटाइन डे पर अपने चाहने वालों को देंगे ये गिफ्ट तो हमेशा रहेंगे खुश
Updated on:
12 Feb 2018 11:13 am
Published on:
12 Feb 2018 11:02 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
