
भाजपा के इस दिग्गज विधायक की पार्टी के लिए मंगाए गए 17500 किलो आम, शामिल होंगे 50 हजार लोग
नोएडा। भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम अपने आप को सुर्खियों में रखना बखूबी जानते हैं। इस बार वह एक ऐसी पार्टी का आयोजन करने जा रहे हैं जिसमें करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इतना ही नहीं पार्टी के लिए 175 क्विंटल यानी 17500 किलो आम भी मंगाए हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए अब तक करीब 30 हजार लोगों को बाकायदा निमंत्रण तक भेजा जा चुका है। अब भी निमंत्रण कार्ड बांटे जा रहे हैं।
रविवार को है दावत
मेरठ के सरधना से विधायक संगीत सोम रविवार यानी 8 जुलाई को मैंगो पार्टी का आयोजन करने जा रहे हैं। आम की यह दावत उनके कुशावली स्थित तेजस फार्म हाउस में होगी। इस बड़ी दावत में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस दावत को अगले लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके जरिए विधायक संगीत सोम अपनी ताकत दिखाएंगे। चर्चा है कि इसमें केंद्र व राज्य सरकार के कुछ मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। ठाकुर चौबीसी को भी इसका न्यौता दिया गया है।
250 हलवाई भी बैठेंगे
दावत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इसके लिए 30 बीघा जमीन पर दो पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। एक तो वीआईपी के लिए रहेगा जबकि दूसरे में आम लोग दावत का लुत्फ उठाएंगे। इसके लिए 250 हलवाई भी बैठेंगे। मेहमानों को आम के साथ ही ठंडे दूध का भी आनंद उठाने का मौका मिलेगा। इसके अलावा लोगों के लिए भोजन का भी प्रबंध किया गया है। इसके लिए 100 कॉमर्शियल सिलेंडर भी मंगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि दावत में आने वाले मेहमानों को बैलगाड़ी की सवारी करने का भी मौका मिलेगा। इस बीच गांव की तरह ही खाट पर हुक्का गुड़गुड़ाने का भी इंतजाम किया गया है।
ये आम मंगाए गए
सरधना विधायक संगीत सोम ने कहा कि वह चाहते हैं कि इसमें ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हों आैर मैंगो पार्टी का लुत्फ लें। इस दावत के लिए फलावदा व किठौर के बागों से 175 क्विंटल आम भी बुक कर दिए गए हैं। इसमें दशहरी, लंगड़ा और चौसा समेत कई वैरायटी के आम हैं।
रिकॉर्ड बनाने की भी चल रही चर्चा
वहीं, चर्चा चल रही है कि इस पार्टी के जरिए संगीत सोम सबसे गड़ी पार्टी का एक रिकॉर्ड भी बनाने जा रहे हैं। इसके लिए गिनीज बुक में दस्तावेज भी भेजे गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि इसमें गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम के सदस्य भी आ सकते हैं। हालांकि, इस बारे में भाजपा विधायक संगीत सोम का कहना है कि वह ऐसा किसी रिकॉर्ड के लिए नहीं कर रहे हैं।
Published on:
07 Jul 2018 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
