
नोएडा सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी की लिफ्ट नीचे गिरने से एक महिला का हाथ टूटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सोसाइटी में रहने वाली महिला लिफ्ट से नीचे आ रही थी। इसी बीच अचानक लिफ्ट तेज झटके के साथ नीचे गिर गई और महिला उसी में फंस गई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हाथ में फ्रेक्चर और अन्य कई जगह चोट आने की बात कही है। इस घटना के बाद महिला के बेटे ने नोएडा के सेक्टर-126 थाने में सुपरटेक बिल्डर के सीएमडी समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पीड़ित पीयूष कालरा ने सेक्टर-126 पुलिस थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुपरनोवा सोसायटी के एक फ्लैट में रहते हैं। उन्होंने बताया कि घटना 19 जुलाई की है। उनकी 53 वर्षीय मां लिफ्ट से नीचे उतर रही थीं। इसी बीच अचानक जोर का झटका लगा और लिफ्ट नीचे आ गिरी। उनकी मां उसी लिफ्ट में फंसी रह गईं। इस दौरान मां को गंभीर चोट लगी। इसके बाद उन्होंने मां को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मां के हाथ में फ्रेक्चर हुआ है। इसके साथ ही कई जगह उन्हें चोट भी लगी है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ केस
पीयूष कालरा का कहना है कि मां की मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने सुपरटेक बिल्डर के सीएमडी आरके अरोड़ा, मोहित अरोड़ा समेत अन्य तीन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इस संबंध में नोएडा सेक्टर-126 थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
24 Jul 2022 03:00 pm
