
नोएडा। मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच विवाद सुलझता नजर आ रहा है। करीब दो महीने से चला आ रहा भारतीय टीम के तेज गेंदबाज और उनकी पत्नी के विवाद में तुर्क बिरादरी के साथ ही एक पूर्व विधायक ने भी दखल दिया है। बताया जा रहा है कि इस पूर्व विधायक ने फोन पर आईपीएल खेल रहे मोहम्मद शमी से भी बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, आईपीएल के बीच में से छुट्टी लेकर किसी भी दिन शमी अमरोहा पहुंचेंगे और इस पर फैसला लेंगे। हसीन जहां फिलहाल इन्हीं पूर्व विधायक के यहां डेरा डाले हुए हैं। अमरोहा निवासी यह पूर्व विधायक इस समय कांग्रेस में हैं।
दो माह से चला आ रहा है विवाद
आपको बता दें कि मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच करीब दो माह से विवाद चल रहा है। इस दौरान हसीन जहां ने शमी और उनके भाई पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। इसके बाद कोलकाता पुलिस भी जांच के लिए अमरोहा पहुंची थी और पूछताछ करके यहां से चली गई थी। इस बीच शमी के परिजनों ने भी सुलह की काफी कोशिश कीं लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इस दौरान गाजियाबाद के एक पांच सितारा होटल में शमी और हसीन जहां की मुलाकात भी हुई लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज अपनी बेटी आएरा के साथ ही खेलते रहे। इसके बाद लग रहा था कि दोनों के बीच विवाद नहीं सुलझेगा और मामला कोर्ट तक जाएगा लेकिन पहले पुलिस तक जाने वाली हसीन जहां अब खुद सुलह के मूड में दिख रही हैं।
बिरादरी की हुई थी पंचायत
इसके लिए वह अपनी बेटी के साथ कुछ दिन पहले अमरोहा स्थित गांव भी पहुंची थीं लेकिन वहां उन्हें ताला मिला थ। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारी से भी बात की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद हसीन ने मोहम्मद शमी से संबंधित तुर्क बिरादरी से मदद मांगी। इसके लेकर मंगलवार शाम को गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें हसीन को सुलह का पूरा भरोसा दिलाया गया था।
पूर्व विधायक से मांगी मदद
हसीन जहां कई दिन से शमी के पैतृक गांव में टिकी हुई हैं। इस दौरान हसीन जहां ने अपने मुंहबोले भाई पूर्व विधायक अकील अहमद उर्फ मुन्ना मियां से भी मदद मांगी है। बताया जा रहा है कि शमी और मुन्ना मियां की फोन पर बातचीत हुई है। इसमें शमी ने आईपीएल से छुट्टी मिलते ही किसी भी दिन अमरोहा पहुंचने का वादा किया है। इसमें सुलह के संकेत मिले हैं। संभावना जताई जा रही है कि शमी 14 मई को अमरोहा आ सकते हैं। आपको बता दें कि मुन्ना मियां बसपा के टिकट पर विधायक बने थे जबकि अब वह कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।
हसीन जहां ने जताई सुलह की उम्मीद
वहीं, हसीन जहां ने बिरादरी के लोगों पर भरोसा जताया है। उनका कहना है कि वह अपना घर किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ना चाहती हैं। बीसीसीआई से क्लीन चिट मिलने के बाद शमी के तेवर बदल गए थे, लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा।
Published on:
10 May 2018, 2:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.