
नोएडा। एक गैंगस्टर और कथित महिला कांस्टेबल की फिल्मी तर्ज पर हुई शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। यह पुलिस के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है। कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना का शूटर राहुल ठसराना बताया जा रहा है। उसके और महिला पुलिसकर्मी के बीच शादी होने की बात वायरल हो रही है।
वर्दी पहनकर शेयर की फोटो
जिस युवती से गैंगस्टर की शादी हुई है, उसने अपने सोशल अकाउंट पर पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो शेयर किया है। उसने अपने आप को जनपद गौतमबुद्ध नगर में तैनात बताया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला कांस्टेबल गौतमबुद्ध नगर में तैनात नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तफ्तीश कर रही है कि कहीं सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए तो यह कदम नहीं उठाया गया है।
यह है चर्चा
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो गैंगस्टर अनिल दुजाना के शूटर राहुल ठसराना और महिला कांस्टेबल पायल के बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि राहुल को साल 2014 में दनकौर में व्यापारी मनमोहन गोयल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। वह तारीख पर कोर्ट आता था। उसे कोर्ट परिसर में बने बैरक में रखा जाता था। इस बीच बैरक की सुरक्षा में तैनात महिला सिपाही का उस पर दिल आ गया। जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों ने शादी कर ली। मामला उस वक्त सामने आया जब गुरुवार को महिला कांस्टेबल ने दनकौर के हिस्ट्रीशीटर से शादी कर ली।
एसएसपी ने कहा- गौतमबुद्ध नगर में तैनात नहीं है महिला सिपाही
इस मामले में एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि जिस महिला कांस्टेबल से गैंगस्टर की शादी होने की बात की जा रही है, वह जनपद गौतमबुद्ध नगर में तैनात नहीं है। वह किसी अन्य जनपद में तैनात है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। शादी की फोटो भी पुरानी ही बताई जा रही है। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी उस महिला की फोटो भेजी गई है। इससे यह जानने का प्रयास किया गया कि क्या वह किसी अन्य जनपद में तैनात है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। उसके पुलिस कांस्टेबल होने की भी अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
Updated on:
10 Aug 2019, 9:43 AM IST
Published on:
10 Aug 2019, 9:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.