
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा। अपनी हैरतअंगेज चोरियों से कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके सुपर चोर संजय पहाड़िया को नोएडा कोतवाली सेक्टर 20 पुलिस ने सेक्टर-6 में शनिवार को चेकिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियो के साथ गिरफ्तार किया है। संजय पर दिल्ली-एनसीआर थानों में लगभग 52 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से चांदी के बर्तन, जेवरात, घरों के ताला तोड़ने में प्रयुक्त औजार, इंटरनेट डोंगल, आठ मोबाइल, डेढ़ लाख की घड़ी, 10 हजार रुपये, दो तमंचे और चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली एक्सयूवी गाड़ी बरामद की है। डीसीपी नोएडा ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हज़ार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
दरअसल, पुलिस ने संगम विहार दिल्ली निवासी संजय पहाड़िया के साथ नांगलोई दिल्ली निवासी जावेद और संगम विहार दिल्ली निवासी सुरेश को गिरफ्तार किया है। ये तीनों शातिर किस्म के चोरों हैं और विभिन्न राज्यों में चोरी के दो सौ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी संजय पर दिल्ली-एनसीआर थानों में लगभग 52 मुकदमे दर्ज हैं। जावेद पर सात और सुरेश उर्फ चचा पर 6 मुकदमे हैं। इन तीनों को पुलिस टीम सेक्टर-6 चौकी के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। पुलिस के अनुसार जब पुलिस ने एक एक्सयूवी गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो उसमें से चोरी का माल मिला जिसके बाद तीनों बदमाशो को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी देखें: गांव में बीजेपी नेताओं के घुसने पर रोक, पोस्टर चस्पा
डीसीपी राजेश एस ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे चोरी करने के लिए पॉश सोसाइटी को चुनते थे। सभी अभियुक्त अपना फोन बंद कर इंटरनेट डोंगल की मदद से वाईफाई से कनैक्ट हो जाते थे। इसके बाद आरोपी अपनी लग्जरी गाड़ियों पर बार एसोसिएशन के स्टीकर लगाकर सोसाइटी में पहुंचते थे। सोसाइटी में घुसकर आरओ लगवाने के नाम पर घरों में जाकर पता करते है कि कौन सा घर बंद है। जिस घर के बंद होने का उन्हे यकीन हो जाता था तो गिरोह के अन्य सदस्य वहां चोरी करते थे। दसवीं पास यह चोर संजय पहाड़िया फर्राटेदार अंग्रेजी भी बोलता है। उन्होंने बताया कि इस बदमाश को पहले भी दिल्ली सहित कई अन्य स्थानों पर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। चोरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
Published on:
07 Feb 2021 12:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
