
नोएडा। देशभर में लागू किए गए लॉकडाउन के बीच गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस को लेकर एक राहत देने वाली खबर आई है। ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस के 3 पॉज़िटिव मरीजों की 14 दिन तक आइसोलेशन में रखे जाने के बाद की गई जांच में नमूने निगेटिव आए हैं। अब इनका 48 घंटे बाद दोबारा से टेस्ट किया जाएगा और यदि पुनः रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो इन मरीजों को घर भेज दिया जाएगा। जहां ये 15 दिन तक अपने घरों में आइसोलेशन में रहेंगे।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा का जिम्स अस्पताल कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही जंग में अहम भूमिका निभा रहा है और इस अस्पताल से एक राहत देने वाली खबर आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनुराग भार्गव ने बुधवार को बताया कि ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव एक महिला समेत 3 लोगों के नमूने निगेटिव आए हैं। इन्हें जांच में संक्रमण की पुष्टि के बाद अस्पताल में अलग रखा गया था और 14 दिन के बाद जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनका 48 घंटे बाद दोबारा से टेस्ट किया जाएगा और यदि पुनः रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो इन मरीजों को घर भेज दिया जाएगा। उसके बाद ये लोग 15 दिन तक अपने घरों पर आइसोलेशन में रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नोएडा में अब तक 362 नमूनों की जांच की गई। जिनमें कोरोना वायरस के 11 मरीज सामने आए हैं। 259 नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव रही। 92 नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। हालांकि 3 लोगों के टेस्ट निगेटिव आने से यहां के लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन जंग अभी जारी है यूपी में कोरोना से संक्रमित कुल 31 मामलों में अकेले नोएडा में ही 11 मरीज हैं। इस वजह से स्थानीय प्रशासन किसी भी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं है। कोराना से लड़ाई के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने जिले में संपूर्ण लॉकडाउन कर दिया है।
Updated on:
25 Mar 2020 07:32 pm
Published on:
25 Mar 2020 07:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
