
केंद्रीय मंत्री ने की बड़ी घोषणाः मेरठ से नोएडा एयरपोर्ट होगा सिग्नल फ्री, एक घंटे में तय कर सकेंगे दूरी
नोएडा. केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश के जेवर में प्रस्तावित एयरपोर्ट को सड़क मार्ग के जरिए मेरठ से जोड़ने का ऐलान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेरठ से महज एक घंटे में जेवर में प्रस्तावित नोएडा एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ से नोएडा एयरपोर्ट पूरी तरह सिग्नल फ्री होगा। यानी इस मार्ग से करीब 93 किमी की दूरी सिर्फ 60 मिनट में तय हो जाएगी। केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा ने नोएडा सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए की बैठक में यह बात कही। इस मौके पर नोएडा विधायक पंकज सिंह भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- समलैंगिक संबंधों को सही ठहराने पर भाजपा के इस नेता ने दिया चौंकाने वाला बयान
डॉ.महेश शर्मा ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट को पश्चिमी यूपी से जोड़ने के लिए काम किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली से मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम भी बहुत तेजी से चल रहा रहा है। मेरठ एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जा रहा है। दोनों एक्सप्रेस-वे के जुड़ने के बाद मेरठ से सीधे सिकंद्राबाद के रास्ते सिरसा कट से यमुना एक्सप्रेस-वे से होकर नोएडा एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। उन्होंने कह कि इसकी दूरी करीब 93 किलोमीटर बैठती है। इस पूरे रास्ते में कोई सिग्नल नहीं होगा। खास बात यह है कि इस रास्ते का इस्तेमाल औद्योगिक कॉरिडोर की तरह भी किया जा सकेगा।
850 करोड़ रुपये की लागत से मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बनेगा एलिवेटेड रोड
डॉ.महेश शर्मा ने कहा कि महामाया फ्लाईओवर से लेकर मयूर विहार तक 850 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। इसका शिलान्यास शीघ्र ही सूबे के मुखिया करेंगे। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने के साथ ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
सरकार की इन योजनाओं की भी दी जानकारी
- जेवर एयरपोर्ट के लिए 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है।
- नोएडा में भी ग्रेटर-नोएडा की तर्ज पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
- शहर की सुंदरता में धब्बा लगाने वाले पोस्टर और बैनर लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- इसके अलावा उन्होंने कहा कि 170 एकड़ जमीन पर बॉटेनिकल गार्डन का सौंदर्यीकरण होगा
- इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिजली की बचत के लिए एलईडी लाइट लगाने का काम तेज होगा।
- वहीं, एक बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि 15 दिन के अंदर नोएडा में पासपोर्ट आफिस बनाने का काम शुरू होगा।
Published on:
8 Sep 2018, 3:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.