
जानें कौन है एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली मनु भाकर, कभी वीरेंद्र सहवाग से सीखे थे क्रिकेट के गुर।
Asian Games 2023 Golden Girl Manu Bhaker : एशियन गेम्स 2023 के चौथे दिन बुधवार को शूटिंग इवेंट में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया है। 25 मीटर पिस्टल शूटिंग में मनु भाकर ने ईशान सिंह और रिदम सांगवान के साथ गोल्ड अपने नाम किया है। मनु भाकर इससे पहले ओलंपिक 2020 में भी हिस्सा ले चुकी हैं। हरियाणा की इस एथलीट की कहानी जितने संघर्षों से भरी है, उतनी ही दिलचस्प भी है। आईये जानते हैं मनु भाकर ने कैसे फर्श से अर्श तक पहुंची हैं।
बता दें कि 21 वर्षीय मनु भाकर हरियाणा के झज्जर जिले स्थित गोरिया गांव की मूलनिवासी हैं। उनके पिता राम किशन भाकर मर्चेंट नेवी में जॉब करते हैं। वहीं मां सुमेधा गृहणी हैं। शूटिंग से पहले मनु कराटे, थांग टा, टांता, स्केटिंग, स्वीमिंग और टेनिस के साथ ही क्रिकेट में भी किस्मत आजमा चुकी हैं। वह कराटे, थांग टा और टांता में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल भी जीत चुकी हैं। मनु टांता में 3 बार नेशनल चैंपियन रही हैं। राज्य स्तर पर स्केटिंग में मेडल जीता है तो स्कूल स्तर पर स्वीमिंग और टेनिस खेल चुकी हैं।
क्रिकेटर बनने के लिए वीरेंद्र सहवाग की एकेडमी भी ज्वाइन की
एक समय था जब मनु भाकर क्रिकेट से काफी ज्यादा प्रभावित थीं और क्रिकेट में करियर बनाना चाहती थीं। क्रिकेट में करियर बनाने के लिए उन्होंने झज्जर स्थित भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की एकेडमी भी ज्वाइन की थी। जहां उन्होंने कुछ समय तक क्रिकेट की बारीकियां सीखीं, लेकिन इसके बाद वह पिस्टल शूटिंग में मुकाम हासिल करने की ठान ली।
बेहद दिलचस्प है चैम्पियन बनने की कहानी
बताया जाता है कि एक दिन मनु भाकर अपने पिता के साथ शूटिंग रेज में घूमने गई थी। जहां शूटिंग की और बिल्कुल बीच में 10 नंबर टार्गेट पर निशाना लगा दिया। यह देख पिता राम किशन ने मनु का हौसला बढ़ाया और मनु को नेशनल कोच यशपाल राणा के पास शूटिंग के गुर सीखने के लिए भेज दिया। जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
यह भी पढ़ें :युवराज सिंह का 16 साल पुराना वर्ल्ड रेकॉर्ड ध्वस्त, सिर्फ 9 गेंदों पर ठोका तूफानी अर्धशतक
7 साल से कर रही हैं शूटिंग
बता दें कि मनु भाकर पिछले 7 वर्ष से शूटिंग में हाथ आजमा रही हैं। वह ओलंपिक 2020 भी खेल चुकी हैं। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड जीता था। 2018 आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में मनु भाकर ने 2 गोल्ड जीते थे। ये कमाल करने वाली मनु सबसे कम उम्र की भारतीय महिला एथलीट हैं।
म्यूजिक सुनते हुए अभ्यास करती हैं मनु
मनु भाकर का अभ्यास करने का तरीका भी काफी जुदा है। वह म्यूजिक सुनते हुए अभ्यास करना पसंद करती हैं। उन्होंने अपना पहला पदक 2016 में महेंद्रगढ़ में आयोजित एक शूटिंग स्पर्धा में जीता था। इसके बाद उन्होंने कुमार सुरेंद्र सिंह स्पर्धा में जूनियर स्तर पर गोल्ड जीता और फिर सैयद वाजिद अली स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था।
यह भी पढ़ें : भारतीय महिला शूटर्स ने सिल्वर के बाद जीता गोल्ड, 4 स्वर्ण समेत 16 हुई पदकों की संख्या
Published on:
27 Sept 2023 12:11 pm
