8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BADMINTON: ली चोंग के खिलाफ श्रीकांत की एक और हार, साइना और प्रणॉय सेमीफाइनल में पहुंचे

एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप में साइना और प्रणॉय ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, पी.वी. सिंधु और किदांबी श्रीकांत को हारकर बाहर होना पड़ा है।

2 min read
Google source verification

image

Akashdeep Singh

Apr 27, 2018

KIDAMBI SRIKANTH

नई दिल्ली। भारत के लिए एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप में शुक्रवार का दिन मिश्रित नतीजे लेकर आया। दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल और एच.एस. प्रणॉय ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। लेकिन, रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु और किदांबी श्रीकांत को हारकर बाहर होना पड़ा है। ऐसे में केवल सायना महिला एकल वर्ग और प्रणॉय पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती पेश करेंगे।


सेमीफाइनल में पहुंची साइना
महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में साइना ने दक्षिण कोरिया की ली जांग मी को मात दी। सेमीफाइनल में साइना का सामना अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी और ताइवान की वर्ल्ड नम्बर-2 खिलाड़ी ताई जु यिंग से होगा। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली वर्ल्ड नम्बर-12 खिलाड़ी साइना ने वर्ल्ड नम्बर-15 जांग को 43 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-15, 21-13 से मात दी।


प्रणॉय भी सेमीफाइनल में
वर्ल्ड नम्बर-10 प्रणॉय ने दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी वान हो को एक घंटे और 12 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 18-21, 23-21, 21-12 से मात देकर अंतिम-4 में प्रवेश किया। इस जीत के साथ ही प्रणॉय ने वान हो के खिलाफ अब तक खेले गए कुल पांच मैचों के स्कोर का आंकड़ा 2-3 कर लिया है। सेमीफाइनल में अब प्रणॉय का सामना वर्ल्ड नम्बर-3 चेन लोंग से होगा


ली चोंग से फिर हारे श्रीकांत
वर्ल्ड नम्बर-5 श्रीकांत को मलेशिया के दिग्गज खिलाड़ी ली चोंग वेई ने बाहर का रास्ता दिखाया। पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत को वर्ल्ड नम्बर-7 वेई ने 31 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-12, 21-15 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले, इसी माह हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भी पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में वेई ने श्रीकांत को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था और भारतीय खिलाड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। इस जीत के साथ ही मलेशियाई खिलाड़ी ने श्रीकांत के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 5-0 कर लिया है।


सिंधु भी हार कर हुईं बाहर
वर्ल्ड नम्बर-3 सिंधु को क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नम्बर-9 सुंग जी ह्यून ने मात दी। दक्षिण कोरिया की ह्यून ने सिंधु को 44 मिनट तक चले मैच में सीधे गेमों में 21-19, 21-10 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।