17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Lionel Messi Hat-trick: गोल के बाद रो पड़े लियोनल मेसी, फिर बताई वजह, हैट्रिक से क्लोजे के रिकॉर्ड की बराबरी की

Lionel Messi hat trick: अल्जीरिया के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में लियोनल मेसी ने हैट्रिक लगाई। मैच के दौरान भावुक दिखे मेसी ने बाद में बताया कि उनके आंसुओं का फुटबॉल से कोई संबंध नहीं था।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Anshika Verma

Jun 17, 2026

Lionel Messi, Messi hat trick, Messi tears, Argentina vs Algeria, FIFA World Cup 2026, Messi World Cup goals, Miroslav Klose record, Lionel Messi record, messi cry image

लियोनेल मेसी (Photo - FIFA)

FIFA World Cup 2026, Lionel Messi hat trick: फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अल्जीरिया को 3-0 से हराया। कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान लियोनल मेसी ने हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। हालांकि मैच के दौरान मेसी के आंसू चर्चा का विषय बन गए।

मेसी ने बताई भावुक होने की वजह

मेसी अपना पहला गोल करने के बाद भावुक नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके आंसुओं को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मैच के बाद मेसी ने खुद इसकी वजह बताई। उन्होंने कहा कि इसका फुटबॉल से कोई लेना-देना नहीं है। मेसी ने कहा, 'इसका फुटबॉल से कोई संबंध नहीं था। मैं कुछ मुश्किल दिनों से गुजर रहा था। यह पूरी तरह खेल से अलग मामला था। मेरे लिए कुछ दिन काफी कठिन रहे।'

हालांकि उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन अपने साथियों और टीम प्रबंधन का धन्यवाद किया। मेसी ने कहा कि पूरी टीम ने उनका साथ दिया और यह सुनिश्चित किया कि वह अच्छा महसूस करें।

पहली हैट्रिक से तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड

भावुक पल के बाद मेसी ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक लगाई और जर्मनी के महान खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोजे के वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मैच शुरू होने से पहले मेसी इस रिकॉर्ड से तीन गोल पीछे थे। उन्होंने 76 मिनट में यह उपलब्धि हासिल कर ली। पहला गोल उन्होंने लगभग 30 गज दूर से शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर किया। इसके बाद दो और गोल कर हैट्रिक पूरी की। उनका तीसरा गोल भी एक शानदार कर्लिंग फिनिश था।

यह मुकाबला मेसी के इंटरनेशनल करियर का 200वां सीनियर मैच भी था। मैच के बाद उन्होंने कहा कि अपने करियर में जो कुछ हासिल किया है, उससे वह बेहद खुश हैं और इस टीम के साथ हर पल का मजा ले रहे हैं।

'लियो के लिए शब्द नहीं' - कोच

अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी भी मेसी की तारीफ करते नहीं थके। उन्होंने कहा, 'लियो के बारे में कहने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह अविश्वसनीय हैं।' इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने खिताब बचाने की दौड़ में दमदार शुरुआत की है। अब 22 जून को ऑस्ट्रिया के खिलाफ मुकाबले में मेसी के पास वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बनने का मौका होगा।

बड़ी खबरें

View All

अन्य खेल

खेल

ट्रेंडिंग

FIFA World Cup 2026