
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' की तारीफ (सोर्स: X-@t2telegraph)
Operation Safed Sagar Web Series: कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की ऐतिहासिक भूमिका पर आधारित नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' के प्रीमियर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी जमकर सराहना की, जिसमें उन्होंने कहा कि ये सीरीज न सिर्फ भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस को सम्मान देती है, बल्कि कारगिल युद्ध की अनकही कहानी को नई पीढ़ी और दुनिया तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण काम करती है।
'ऑपरेशन सफेद सागर' के प्रीमियर के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक विशेष वीडियो जारी किया और कहा कि वेब सीरीज की पूरी टीम ने कारगिल युद्ध के इस ऐतिहासिक अध्याय को सच्चाई, संवेदनशीलता और गहराई के साथ पर्दे पर उतारा है। बता दें, राजनाथ सिंह ने आगे बताया कि इस सीरीज ने न केवल कारगिल की यादों को फिर से जीवंत किया है, बल्कि ये भी दिखाया है कि भारतीय वायुसेना ने किस तरह युद्ध की दिशा बदलने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 1999 तक दुनिया की किसी भी वायुसेना ने 15,000 से 18,000 फीट की ऊंचाई पर इस तरह का युद्ध अभियान नहीं चलाया था। भारतीय वायुसेना के जवानों ने असाधारण साहस और पराक्रम का परिचय दिया, जिसे इस सीरीज ने प्रभावशाली ढंग से सामने रखा है।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध की इस अनकही कहानी को नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर लाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और इससे आने वाली पीढ़ियां भारतीय वायुसेना की वीरता से प्रेरित होंगी।
राजनाथ सिंह ने निर्माता संजय राउतराय, सरिता पाटिल, अभिजीत सिंह परमार और कुशाल श्रीवास्तव के साथ निर्देशक ओनी सेन और उनकी पूरी टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े लेवल का सिनेमा बनाने के लिए गहन रिसर्च और टेक्नोलोजी की जरूरत होती है, जिसे टीम ने बखूबी निभाया है। साथ ही, उन्होंने नेटफ्लिक्स के CO-CEO टेड सारंडोस और कंटेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल को भी इस प्रोजेक्ट के लिए बधाई दी।
बता दें, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने संदेश में कहा कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' आने वाली पीढ़ियों को भारतीय सेना की वीरता और समर्पण से प्रेरित करेगी। उनके अनुसार, इस वेब सीरीज को देखने के बाद कई युवा देश की सेवा के लिए सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे। प्रीमियर के दौरान नेटफ्लिक्स के CO-CEO टेड सारंडोस ने कहा कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' का स्केल और प्रोडक्शन ये साबित करता है कि भारत के पास विश्वस्तरीय एंटरटेनमेंट तैयार करने के लिए टैलेंट, स्पेशल टेक्नोलोजी और प्रोडक्शन क्षमता मौजूद है।
वेब सीरीज का शानदार प्रीमियर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, सरकारी प्रतिनिधि और सीरीज की पूरी टीम मौजूद रही। ये सीरीज कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की महत्वपूर्ण भूमिका की अनकही कहानी को दर्शाती है। 'ऑपरेशन सफेद सागर' में जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा, प्राजक्ता कोली, मिहिर आहूजा और दीया मिर्जा लीड रोल में हैं। ये वेब सीरीज 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
Updated on:
07 Aug 2026 02:56 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:56 pm
बड़ी खबरें
View AllOTT
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
