Jeep Accident: सिंधु नदी में एक जीप के डूबने से दो महिला व तीन बच्चों समेत 9 की मौत
इस्लामाबाद।पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा ( Khyber Pakhtunkhwa ) में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, यात्रियों से भरी एक जीप सिंधु नदी ( Indus river ) में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा खैबर पख्तूनख्वा के कोलाई पलास कोहिस्तान के शालकन अबाद इलाके में हुई।
स्टेशन हाउस ऑफिसर ( SHO ) हफीजुर रहमान के मुताबिक, 21 लोगों को लेकर जीप सीकर गाजियाबाद से एक पहाड़ी इलाके गदर जा रही थी। सड़क की हालत खराब होने के कारण जीप ने अपना संतुलन खो दिया और सिंधु नदी में गिर गया।
एसएचओ रहमान ने बताया कि नदी में जीप गिरने के दौरान कुछ लोग जीप से बाहर कूद गए और उनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आईं। इस हादसे में दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत नौ लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।
एसएचओ ने बताया कि सात लोगों को अब तक नदी से बचाया गया है और सीर गाजियाबाद के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने ककहा कि नदी से शेष शवों को निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।