
,
IMD Alert : राजस्थान में चल रही सावन की छड़ी के बीच मौसम विभाग ने खुलासा किया है कि एक अगस्त से राजस्थान में अति भारी बारिश का दौर शुरू होगा, जो 10 अगस्त तक जारी रहेगा। उससे पहले भी बारिश होगी, लेकिन 48 घंटे तक कहीं कम तो कहीं ज्यादा। उधर, राजधानी जयपुर में इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर में 158 एमएम (6 इंच से अधिक) बारिश दर्ज हो चुकी है और दौर अभी लगातार जारी है। शहर में जगह-जगह जलभराव होने से रास्ते बंद हो गए हैं। बतादें कि सीकर रोड़ तालाब में तब्दील हो गया है और सड़कों पर वाहन फंस चुके हैं।
कम होगी उमस
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक आर.एस.शर्मा ने बताया कि राजधानी जयपुर में तड़के चार बजे से बारिश का दौर लगातार जारी है और उसी के चलते पिछले 24 घंटों के दौरान 158 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है, जो सीजन में 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा रही है। कुछ जिलों में रात तक भारी बारिश भी होगी। इस मानसून जयपुर सहित कई इलाकों में पहली बार बारिश की झड़ी लगी है जो उमस को कम करेगी।
यह चेतावनी की गई
मौसम केन्द्र की माने तो जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहने व भारी बारिश दर्ज होगी। शेष भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की सम्भावना है। जबकि 30 व 31 जुलाई को राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने और कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
2 अगस्त को अति भारी बारिश
मौसम केन्द्र जयपुर की ताजा रिपोर्ट के अनुसार एक अगस्त से पुनः एक नए परिसंचरण तंत्र बनने से उत्तर-पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावना है। उधर, दो अगस्त को भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है।
कहां कीतनी बारिश दर्ज
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में जयपुर व दौसा जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश दर्ज जबकि राजसमंद, बारां, सीकर, अजमेर सवाई माधोपुर, भरतपुर व बीकानेर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। उधर, पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश जयपुर कलक्ट्रेट में 158 एमएम, जबकि पश्चिमी राजस्थान के नोखा, बीकानेर में 84 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
Updated on:
29 Jul 2023, 11:24 AM IST
Published on:
29 Jul 2023, 11:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.