
Damaged Road : यहां 85 फीसदी लोग सड़कों से असंतुष्ट, विधायक-सभापति जिम्मेदार
Damaged Road in Pali Rajasthan: पाली। मारवाड़-गोडवाड़ के गांव-कस्बे ही नहीं, पाली शहर की सड़कें भी दर्द से कराह रही है। बारिश के बाद तो ये सड़कें लोगों के लिए मानों मौत का सफर बन चुकी है। पर अफसोस, न तो जनप्रतिनिधि जाग रहे और न ही विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी का एहसास हो रहा है। सड़कों की इस खस्ताहालत के लिए पत्रिका ने जनता के बीच ऑनलाइन सर्वे करवाया, इसमें पाली जिले से हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिक्रिया दी। पत्रिका सवे में जो जवाब आए, वो चौकाने वाले हैं। पाली जिले के 85 फीसदी लोग सड़कों से संतुष्ट नहीं है। सीधे तौर पर वे सड़कों की बदहाली के लिए विधायकों के साथ ही सभापति व पालिकाध्यक्षों को जिम्मेदार मानते हैं। इतना ही नहीं, 94 प्रतिशत लोगों ने सड़कों पर गड्ढों को सड़क हादसों का कारण बताया है। पत्रिका सर्वे पर विस्तृत रिपोर्ट ...
कोर्ट भी जगा चुके, पर जिम्मेदार बेपरवाह
बॉम्बे हाइकोर्ट ने हाल ही में टूटी सड़कों को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया था, जबकि केरल हाइकोर्ट ने तो सड़कों की बदहाली के लिए भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन, इसका भी असर हमारे पाली जिले में नहीं हो रहा है।
85.6 प्रतिशत लोग सड़कों से संतुष्ट नहीं
पत्रिका के ऑनलाइन सर्वे में 85.6 प्रतिशत लोग शहर व गांवों की सड़कों से संतुष्ट नहीं है। महज 13.7 प्रतिशत लोग ही सड़कों की वर्तमान दशा से संतुष्ट है। जबकि, 0.7 प्रतिशत ने तो कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
आमजन ने माना, गड्ढे जानलेवा
सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें 94 प्रतिशत लोगों ने गड़्ढों में तब्दील सड़क को दुर्घटना का कारक बताया। ये आंकड़ा बताने के लिए काफी है कि लोग सड़कों पर हुए गड्ढों से कितने परेशान है। पिछले दिनों में इन गड्ढों के कारण कई हादसे भी हो चुके हैँ। महज 6 प्रतिशत लोग ही गड्ढों को हादसे का कारण नहीं मान रहे।
बदहाली के लिए सांसद भी जिम्मेदार
जिले में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सांसद भी जिम्मेदार है। ऑनलाइन सर्वे में सड़कों की बदहाली को लेकर 71.9 प्रतिशत लोगों ने सांसद को जिम्मेदार ठहराया, जबकि 22.6 प्रतिशत ने उन्हें राहत दी। हालांकि, 5.5 प्रतिशत ने कुछ भी जवाब नहीं दिया।
76 फीसदी ने विधायक को ठहराया जिम्मेदार
सड़कों की खराब स्थिति के लिए लोगों ने सांसद के साथ विधायकों को भी जिम्मेदार ठहराया। सबसे ज्यादा 76.1 प्रतिशत लोगों ने सर्वे में विधायकों को सड़कों की खस्ताहालत के लिए जिम्मेदार माना। जबकि, 19.7 प्रतिशत लोग विधायकों को इसका दोषी नहीं ठहराते। वहीं 4.2 प्रतिशत लोगों ने कुछ भी जवाब नहीं दिया।
पालिका-परिषद के मुखिया जिम्मेदार
ऑनलाइन सर्वे में लोगों ने माना कि जिले की नगर पालिकाओं व नगर परिषद क्षेत्र में पालिकाध्यक्ष व सभापति सबसे ज्यादा सड़कों की बदहाली के जिम्मेदार है। 82.2 प्रतिशत लोगों ने इन्हें जिम्मेदार माना है। हालांकि, 13.7 प्रतिशत लोग इन्हें जिम्मेदार नहीं मानते। जबकि, 4.1 प्रतिशत लोग कुछ भी नहीं बोले।
हर शख्स की राय, सड़क आम आदमी का अधिकार
सर्वे में आम आदमी से सवाल किया गया था कि क्या वे मानते हैं सड़क उनका अधिकार है। इसके जवाब में 95.2 प्रतिशत लोगों ने सहमति जताई कि सुरक्षित सड़क उनका अधिकार है। 4.1 प्रतिशत लोग सड़क को अधिकार नहीं मानते, जबकि 0.7 प्रतिशत ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
Updated on:
1 Sep 2022, 1:43 PM IST
Published on:
1 Sep 2022, 1:41 PM IST
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.