
EID UL FITR खुदा की बारगाह में झुकाया शीश, एक-दूजे की दी मुबारकबाद....
पाली. रमजान के पवित्र माह में पूरे दिन भूखे-प्यासे रहकर अल्लाह की इबादत करने के बाद शनिवार को अल्लाह के बंदों को ईद का तोहफा मिला। हर मुस्लिम भाई इस इनायत के दिन खुशी से चहक उठा। एक-दूसरे को मुबारकबात पेश की और अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाया। ईद को लेकर मुस्लिम मोहल्लों में सुबह से ही रौनक रही। मुस्लिम भाई सुबह नौ बजे से पहले ही नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर और सिर पर टोपी लगाकर मस्जिदों और इबादतगाहों की
तरफ बढ़े। इबादतगाहों व मस्जिदों में जाने से पहले कब्रिस्तानों में पूर्वजों की मजारों पर अकीदत से फूल पेश किए। इसके बाद मस्जिदों व इबादतगाहों में ईद की विशेष नमाज अदा की। शहर की इदगाह में मौलाना दानिश कफील ने ईद की विशेष नमाज अदा करवाई। महिलाओं ने घरों में ही नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर और मुसाफाह लेकर ईद की मुबारकबात दी।
ईद की बधाई दी
इदगाह में नमाज अदा करके वापस लौटते मुस्लिम भाइयों को विधायक ज्ञानचंद पारख, नगर परिषद सभापति महेंद्र बोहरा, जिला कलक्टर सुधीर कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पूर्व विधायक भीमराज भाटी, एडीएम भागीरथ विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति स्वरूप शर्मा, एसडीएम महावीरसिंह, सीओ सिटी सुभाष शर्मा, सीओ ग्रामीण नरेंद्र शर्मा, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, नगर परिषद आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने ईद की बधाई दी।
नमाज अदा करवाकर पढ़ा खुत्बा
जिला मुस्लिम समाज के प्रवक्ता शकील अहमद नागौरी ने बताया कि नमाज अदा कराने के बाद मौलाना दानिश ने खुत्बा पढ़ा। देश में अमन-चैन की दुआ की। मोमिनों ने मौलाना दानिश की दस्तार बन्दी कर गुलपोशी की। शहर की सभी मस्जिदों में भी नमाज अदा कराने वाले पेश इमामों का स्वागत किया गया। जिला मुस्लिम समाज के सदर हाजी तारा बाबू, पार्षद मेहबूब टी, अनवरअली भाटी, अय्यूब गुडलक, आलम कुरैशी, खातुन बानो, जन्नत खोखर, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अजीज दर्द आदि ने मुस्लिम मोहल्लों में जाकर ईद की मुबारकबात दी।
सजा हाट बाजार
मुस्लिम मोहल्लों में हाट बाजार सजा। नए कपड़े पहनकर इठलाते बच्चे ईदी लेकर बाजार में पहुंचे और व्यंजनों का लुत्फ उठाया। झूलों का आनन्द लिया। नाडी मोहल्ला, केरिया दरवाजा, प्यारा चौका, रांगणिया मोहल्ला, जाकिर हुसैन रोड आदि स्थानों पर मेले सा माहौल रहा। मुस्लिम भाइयों ने परिचितों व मित्रों के यहां जाकर ईद की मुबारकबाद दी। परिजनों व मित्रों के साथ खीर व सेवइयों का लुत्फ उठाया।
Published on:
17 Jun 2018 01:46 pm
