
Crime News : आत्महत्या की तैयारी में था आरोपी पिता, हाथ की कलाई पर लिखा सुसाइड नोट, पुलिस ने दबोचा
पाली/रायपुर मारवाड़। जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र के चिताड़ गांव में धुलड़ी के दिन नौ माह की मासूम बेटी को जमीन पर पटककर हत्या कर देने वाला आरोपी पिता मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को अजमेर बस स्टैण्ड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरेापी ने खुलासा किया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे संदेह था कि तीसरी संतान उसकी नहीं है, इस वजह से बेटी की हत्या कर दी। बेटी की हत्या के बाद वह तनाव में था। उसने हाथ की कलाई पर सुसाइड नोट तक लिख डाला। जिसके मुताबिक मंगलवार रात को ही आत्महत्या करने वाला था। इससे पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सेंदड़ा थानाप्रभारी प्रेमाराम विश्नोई के अनुसार चिताड़ के शाहपुरा बाडिय़ा निवासी मनोहर मेहरात पुत्र रहीम मेहरात ने धुलड़ी के दिन दोपहर में अपनी तीसरी संतान नौ माह की बेटी रवीना को जमीन पर पटककर हत्या कर दी थी। शव को मकान के पीछे ही दफना दिया था। तीन दिन तक चुप रही मनोहर की पत्नी ने आखिर सेंदड़ा थाने पहुंच पति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कराया।
वारदात की रात मनोहर ने ब्यावर के पास अंधेरी देवरी में रह रही अपनी बुआ के यहां शरण ली। बुआ को वारदात के बारे में जानकारी नहीं दी। अगले दिन सुबह ब्यावर पहुंचा। वहां से अजमेर की बस में बैठ गया। अजमेर में दिन भर शराब पीकर भटकता रहा। इसके बाद भीलवाड़ा चला गया। वहां भी दिन भर शराब के नशे में डूबा रहा। इसके बाद दुबारा अजमेर पहुंचा। वहां से जोधपुर चला गया। सोमवार की शाम वापस अजमेर पहुंचा। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट लेकर रात को वही सो गया। मंगलवार सुबह वहां से बस स्टैण्ड पहुंचा। वहां शराब पीकर स्टैण्ड़ पर ही बैठ गया।
हाथ की कलाई पर लिखा सुसाइड नोट
मनोहर ने पेन से अपने हाथ की कलाई पर सुसाइड नोट लिखा। इसमें लिखा कि उसकी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। बेटी रवीना उसकी नहीं है। पत्नी ने मुकदमा दर्ज करवा उसे बदनाम कर दिया। वह अब कहीं मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहा, इससे वह आत्महत्या कर रहा है। इसकी जिम्मेदार पत्नी सुनिता है।
यूं आया पकड़ में
मनोहर ब्यावर के पास सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करने के साथ भोपागिरी भी करता था। वह भीलवाड़ा व चित्तौडग़ढ़ जिले में अपने अनुयायी के पास भोपागिरी करने जाया करता था। थानाप्रभारी विश्नोई ने अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़, ब्यावर सहित अन्य शहरों के संबधित ठिकानों पर निरंतर दबिश दी। आखिर अजमेर बस स्टैण्ड पर मनोहर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
18 Mar 2020 07:07 am
