
पाली। राजस्थान में प्रथम चरण के 13 लोकसभा क्षेत्रों के लिए सोमवार को मतदान हुआ। लोकतंत्र के महापर्व को लेकर सोमवार सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतादाताओं का उत्साह देखने को मिला। पोलिंग बूथों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। राजस्थान में कुल 67.98% वोटिंग हुई। प्रदेश में सबसे ज्यादा मतदान 73.12 प्रतिशत बाड़मेर में हुआ। पाली (Pali Lok Sabha Election 2019 ) में 62.10% फीसदी मतदान हुआ। इससे पहले सुबह 11 बजे तक पाली विधानसभा क्षेत्र में 38.71 प्रतिशत मतदान हो चुका था। पाली में भाजपा के पीपी चौधरी और कांग्रेस के बद्री जाखड़ के बीच मुकाबला है। वोटिंग समाप्त होने के साथ ही मत पेटियों में प्रत्याशियों का भाग्य बंद हो गया है।
पाली संसदीय क्षेत्र से इस बार आठ उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां 21 लाख 61 हजार 663 मतदाताओं ने अपनी पसंद के प्रत्याशी को वोट देने सुबह 7 बजे से मतदान केन्द्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। दिनभर मतदान केन्द्रों पर लम्बी-लम्बी कतारें देखने को मिली। इसको लेकर 2236 बूथ तैयार किए गए है। जिनमें से 443 संवेदनशील व अति संवेदनशील की श्रेणी में है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो आदर्श मतदान केन्द्र तथा दो-दो महिला मतदान केन्द्र बनाए गए। मतदान केन्द्रों पर 2236 बीएलओ तथा 219 सुपरवाइजर ड्यूटी पर तैनात रहे।
तेज धूप और गर्मी के तीखे तेवरों के बीच मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर कोई अपने वोट का प्रयोग कर सही प्रत्याशी के चयन में लगा था। मतदाताओं के जोश और उत्साह के आगे गर्मी का असर भी फीका नजर आया। इस कारण लोगों को मतदान करने के लिए करीब आधे से एक घंटे तक अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहना पड़ा।
शाम 6 बजे तक इतना हुआ मतदान
पाली - 64.83
मारवाड़ जंक्शन - 56.10
सोजत - 65.95
बाली - 58.53
सुमेरपुर - 60.10
भोपालगढ़ - 61.87
बिलाड़ा - 64.91
ओसिया - 62.48
Updated on:
29 Apr 2019 09:16 pm
Published on:
29 Apr 2019 09:11 pm
