Golden Book of World Records : पाली। साख, विश्वास और पाठकों की ताकत से राजस्थान पत्रिका ने पाली में आजादी की 75वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर स्वर्ण अक्षरों में पाली का नाम अंकित कर दिया। आजादी के अमृत महोत्सव पर राष्ट्र के मान, सम्मान और आन तिरंगा ध्वज की सबसे विशाल रंगोली सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिनभर मन, मेहनत और मान के साथ रची और जब 3750 वर्गफीट की रंगोली कैनवास पर उतरी तो सैकड़ों लोग इस नयनाभिराम दृश्य के साक्षी बने। शहर के गणमान्य नागरिकों ने इसे जिले का गौरव बताया। जिला कलक्टर नमित मेहता, विधायक ज्ञानचंद पारख और अन्य विशिष्ट लोगों ने कहा कि राजस्थान पत्रिका परिवार का इसके लिए आभार कि पाली को राष्ट्रीय गौरव के साथ विश्व रिकार्ड का गौरव प्रदान किया। इस दौरान हुए कई राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने आजादी के अमृत महोत्सव के उत्सव को उत्साहपूर्ण बनाया।