पाली . जिम्मेदारों ने कभी अपनी जिम्मेदारी निभाई नहीं। लोगों ने भी परिवार का सोचे बिना लापरवाही कर दी। दोनों की लापरवाहीं का दर्द आज भी कोई न कोई परिवार भुगत रहा है। हम बात कर रहे हैं उन तालाबों व नाडियों की, जिनमें बरसात होते ही पानी भर जाता है। लेकिन, कई स्थान जानलेवा होने के बाद भी जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों तथा निकाय प्रतिनिधियों ने वहां संकेतक लगाना भी मुनासिब नहीं समझा। नतीजतन कई जिंदगियां पानी में ही जमींदोज हो गई। इसके साथ ही काफूर हो गई परिवारों की खुशियां, किसी ने घर का चिराग खोया तो किसी का तो मुखिया ही चला गया।